हिमाचल के वेटेरन खिलाड़ी के लिए मौका:बिलासपुर के अमरजीत ठाकुर खो-खो के पहले विश्वकप में बने एकमात्र तकनीकी अधिकारी

दिल्ली के इंदिरा गांधी इंडोर स्टेडियम में 13 से 19 जनवरी तक होने वाले खो-खो के पहले विश्वकप में हिमाचल प्रदेश का प्रतिनिधित्व करेंगे बिलासपुर के अमरजीत ठाकुर। खो-खो फेडरेशन ऑफ इंडिया ने उन्हें तकनीकी अधिकारी के रूप में नियुक्त किया है। इस प्रतिष्ठित टूर्नामेंट में 24 देशों के पुरुष और महिला खिलाड़ी अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे। राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला रानीकोटला में शारीरिक शिक्षा के प्रवक्ता के रूप में कार्यरत अमरजीत ठाकुर स्कूली समय से ही खो-खो के उत्कृष्ट खिलाड़ी रहे हैं। वे राष्ट्रीय स्तर पर कई बार अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर चुके हैं। खेलो इंडिया, स्कूल गेम्स दिल्ली, खेलो इंडिया यूथ गेम्स गुवाहाटी और मदुरई जैसे प्रतिष्ठित आयोजनों में भी वे तकनीकी अधिकारी की भूमिका निभा चुके हैं। वर्तमान में वे स्कूली बच्चों को खो-खो की बारीकियां सिखा रहे हैं। उनके कई शिष्य राष्ट्रीय स्तर पर प्रदेश का प्रतिनिधित्व कर चुके हैं और आज विभिन्न विभागों में सेवारत हैं। अमरजीत ठाकुर ने कहा कि खो-खो को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर मान्यता मिलना सभी खो-खो प्रेमियों के लिए गर्व की बात है। उन्होंने विश्वास जताया कि इस खेल में प्रदेश के कई खिलाड़ी अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपना लोहा मनवाएंगे।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *