विवाहिता की संदिग्ध हालत में मौत:पीहर पक्ष के पहुंचने से पहले किया अंतिम संस्कार, एफएसएल टीम ने जुटाए सबूत

धौलपुर जिले के सैंपऊ थाना इलाके के सहरौली गांव में शुक्रवार को महिला ने फंदे से लटककर सुसाइड कर लिया। पति की गैर मौजूदगी में परिजनों ने आनन फानन में महिला को श्मशान ले जाकर अंतिम संस्कार कर दिया। मामले की सूचना मिलने के बाद एफएसएल की टीम ने महिला की चिता की राख से सबूत के तौर पर सैंपल लिए हैं। घटना की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंचे पीहर पक्ष के लोगों ने पुलिस को सूचना दी कि उनकी बेटी राजेश (28) पत्नी कन्हैया की संदिग्ध हालात में मौत की सूचना मिली थी। जिस सूचना पर परिजन मौके पर पहुंचे, तो उन्हें बेटी की जलती हुई चिता मिली। जिसके बाद पीहर पक्ष के लोगों ने पुलिस को सूचना दी। सूचना के बाद महिला के पीहर पक्ष के लोग पुलिस को लेकर श्मशान घाट पहुंच गए। जहां पुलिस ने भरतपुर से एफएसएल की टीम बुला लिया। जिसके बाद महिला की चिता की राख ठंडी होने पर एफएसएल की टीम ने सबूत के तौर पर चिता की राख को लिया है। एफएसएल की टीम ने महिला के घर से भी घटना को लेकर साक्ष्य जुटाए हैं। महिला की संदिग्ध हालात में मौत की सूचना मिलती ही मौके पर पहुंचे एएसआई राजेश सिंह ने बताया कि पुलिस के पहुंचने से पहले ही ससुराल पक्ष के लोग भाग गए। उन्होंने बताया कि महिला के पति के आने से पहले ही ससुराल पक्ष के लोगों ने उसका अंतिम संस्कार कर दिया था। एएसआई ने बताया कि पीहर पक्ष द्वारा शिकायत देने के बाद मामले में अगली कार्रवाई की जाएगी। चिता ठंडी होने पर एफएसएल साथ ले गई राख
भरतपुर से घटना की बारीकी से जांच करने के लिए जब एफएसएल टीम घटनास्थल पर पहुंची तो टीम ने मौके पर चिता जलते देखी। चिता के ठंडा होने पर एफएसएल टीम ने राख ली। वहीं इसके अलावा जहां मृतक के द्वारा सुसाइड किया गया था, उसे कमरे में टीम के द्वारा साक्ष्य इकट्ठा किए गए हैं। पूरी प्रक्रिया में कई घंटे गुजरने के बाद शाम को टीम कार्रवाई के बाद भरतपुर लौट गई। पति की गैरमौजूदगी में जला दी डेड बॉडी
सहरौली निवासी राजेश पत्नी कन्हैया जाटव की संदिग्ध मौत के बाद परिजनों के द्वारा पति की गैरमौजूदगी में आनन फानन में किए गए अंतिम संस्कार को लेकर सवाल खड़े हो रहे हैं। महिला के पीहर पक्ष के लोगों ने बेटी की मौत को लेकर पुलिस से सवाल किया कि यदि ससुराल पक्ष के द्वारा बेटी को प्रताड़ित करते हुए नहीं मारा गया तो उसके अंतिम संस्कार की इतनी क्या जल्दबाजी थी। पीहर पक्ष के लोगों ने बताया कि पत्नी के अंतिम संस्कार के लिए पति का इंतजार तो किया ही जा सकता था। मामले की जांच कर रहे एएसआई राजेश सिंह ने बताया सहरौली गांव में विवाहिता की मौत की सूचना मिली थी। जब पुलिस मौके पर पहुंची तो चिता जल रही थी। मौके पर ससुराल पक्ष के लोग नहीं मिले। पति भी बाद में आया। अभी तक मामले को लेकर पीहर पक्ष के द्वारा रिपोर्ट नहीं दी गई है। रिपोर्ट दर्ज होने के बाद कार्रवाई की जाएगी।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *