धौलपुर जिले की कोतवाली थाना पुलिस ने पशु क्रूरता अधिनिम के तहत कार्रवाई करते हुए 34 पशुओं से भरे एक ट्रक को जब्त किया है। पुलिस ने ट्रक के साथ मौजूद एक पशु तस्कर को भी गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई थाने की सागर पाड़ा चौकी पर तैनात एएसआई अश्वनी यादव ने की। चौकी प्रभारी सब इंस्पेक्टर अशोक कुमार ने बताया कि पुलिस अधीक्षक विकास सांगवान के निर्देश पर अवैध गतिविधियों पर लगातार रोकथाम की जा रही है। मध्य प्रदेश बॉर्डर पर स्थित सागर पाड़ा चौकी पर मुखबिर की सूचना के आधार पर ट्रक को रोका गया। पुलिस ने ट्रक में मौजूद तस्कर कम्मू खान (35 वर्ष) पुत्र निजाम खान निवासी मुरैना, मध्य प्रदेश को गिरफ्तार किया। चौकी प्रभारी ने बताया कि पूछताछ में आरोपी ने कबूल किया कि वह इन पशुओं को मध्य प्रदेश से उत्तर प्रदेश के बूचड़खानों तक ले जा रहा था। पुलिस ने पशु क्रूरता अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।


