कोहरे के कारण खड़े ट्रक से टकराया तेज रफ्तार ट्रेलर:5 घंटे तक केबिन में फंसा चालक, कटर से काटकर किया रेस्क्यू

रीवा जिले में देर रात घने कोहरे ने एक बार फिर सड़क सुरक्षा पर सवाल खड़े कर दिए। गढ़ थाना क्षेत्र अंतर्गत गढ़ बायपास पर भीषण सड़क हादसा हो गया, जहां सड़क किनारे खड़े एक ट्रक में पीछे से तेज रफ्तार ट्रेलर जा टकराया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि ट्रक का केबिन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और ट्रक चालक दिनेश रावत केबिन में फंस गया। सुबह तक फंसे रहा चालक
यह हादसा बीती रात करीब 2 बजे हुआ। बताया जा रहा है कि क्षेत्र में उस समय अत्यधिक घना कोहरा छाया हुआ था, जिससे पीछे से आ रहे ट्रेलर चालक को सड़क पर खड़ा ट्रक नजर नहीं आया। देखते ही देखते ट्रेलर ने ट्रक को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई।हादसे की सूचना मिलते ही गढ़ थाना पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन चालक केबिन में बुरी तरह फंसा हुआ था। पुलिस ने तत्काल रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया, लेकिन केबिन पूरी तरह दब जाने के कारण चालक को बाहर निकालना आसान नहीं था। इसके बाद MPRDC (मध्यप्रदेश रोड डेवलपमेंट कॉर्पोरेशन) से मदद मांगी गई और कटर मशीन मंगवाई गई। कटर से काटकर ड्राइवर को निकाला
करीब 5 घंटे से अधिक समय तक चले रेस्क्यू ऑपरेशन के बाद सुबह करीब 7 बजे कटर की मदद से ट्रक के केबिन को काटकर चालक दिनेश रावत को बाहर निकाला जा सका। इस दौरान मौके पर पुलिस के साथ स्थानीय लोग भी मौजूद रहे। चालक को बाहर निकालते ही एंबुलेंस के जरिए तत्काल शासकीय संजय गांधी अस्पताल भेजा गया, जहां उसका इलाज जारी है। चालक की हालत फिलहाल स्थिर बताई जा रही है। घने कोहरे के कारण हादसा पुलिस की प्रारंभिक जांच में हादसे का मुख्य कारण घना कोहरा और दृश्यता की कमी माना जा रहा है। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि खड़ा ट्रक सड़क पर किस स्थिति में था और सुरक्षा संकेतक लगाए गए थे या नहीं।फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और दुर्घटना के सभी पहलुओं की गहन जांच की जा रही है। यह हादसा एक बार फिर कोहरे के मौसम में वाहन चालकों को सतर्कता बरतने की चेतावनी देता है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *