भास्कर न्यूज | अमृतसर वातावरण को प्रदूषित होने से रोकने के लिए फुलकारी संस्था की ओर से ई-परिवर्तन के तहत ई-वेस्ट कलेक्ट करने की मुहिम चलाई जा रही है। मुहिम के तहत नगर निगम के साथ मिलकर शहरवासियों को पुराना इलेक्ट्रिक सामान कबाड़ी को बेचने या खुले में फेंकने की बजाय उनके सुपुर्द करने की मुहिम चलाई है। ताकि लोगों को वायु प्रदूषण तथा उनकी सेहत पर पड़ने वाले दुष्प्रभावों से बचाया जा सके। प्रधान मीनाक्षी खन्ना की मानें तो कबाड़ी दोबारा यूज होने वाली चीज को निकालकर बाकी को जला देता है। जिस कारण वायु प्रदूषण बढ़ता है। कबाड़ी पुराने इलेक्ट्रिक सामान को रिसाइकल नहीं करते हैं। खन्ना ने बताया कि मुहिम के पहले चरण में जून के पहले सप्ताह में 4500 किलो से ज्यादा ई वेस्ट हासिल हुआ था। इनमें खराब व कंडम कम्प्यूटर, मोबाइल, किचन व अन्य इलेक्ट्रानिक गेजेट्स शामिल थे। 20-21 दिसंबर को मकबूल रोड स्थित कैम्ब्रिज जूनियर स्कूल में सुबह 11 से शाम 5 बजे तक लगाए जा रहे कैंप में 5 हजार किलो ई-वेस्ट हासिल होने की उम्मीद है। संस्था का 5 साल के लिए महाराष्ट्र की थ्रेको रीसाइक्लिंग कंपनी से एमओयू साइन हुआ है जिसके तहत कंपनी मेटल हो प्लास्टिक हो, ई वस्तु हो या कोई अन्य वस्तुएं कंपनी हासिल कर इसे रिसाईकल कर देती हैं। महाराष्ट्र की उक्त कंपनी महाराष्ट्र प्रदूषण कंट्रोल बोर्ड से अधिकृत है। खन्ना ने बताया कि इंडस्ट्री, शैक्षणिक अदारों व अस्पतालों को भी इस अभियान में शामिल करने को प्रयासरत हैं। शहरवासियों को प्रदूषण से मुक्त करना ही संस्था का मुख्य मकसद है।


