भिंड में पिछले तीन दिनों से कड़ाके की सर्दी का प्रकोप लगातार बढ़ रहा है। आसमान पर कोहरे की मोटी चादर छाई हुई है। शनिवार को भी पहाड़ों से बर्फीली हवाएं आने के चलते न्यूनतम तापमान 7 डिग्री सेल्सियस से नीचे पहुंच गया। बढ़ती सर्दी को देखते हुए लोग अलाव और रूम हीटर का सहारा लेने लगे हैं। वहीं पहाड़ों से आने वाली सर्द हवाओं की रफ्तार आठ किलोमीटर प्रति घंटा बनी हुई है। पौष मास में पड़ रही सर्दी ने जिलेवासियों को कंपकंपी में डाल रखा है। दिसंबर के तीसरे सप्ताह में तापमान लगातार गिरावट दर्ज कर रहा है। शुक्रवार की तरह शनिवार को भी भिंड शहर में ठंड का असर देखने को मिला। इस दौरान अधिकतम तापमान 23.4 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 7.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम में आए बदलाव का असर लोगों की दिनचर्या पर पड़ने लगा है। सुबह देर तक कोहरा छाए रहने से दिन की शुरुआत भी देरी से हो रही है। सुबह 10 बजे तक कोहरा बना रहा। मॉर्निंग वॉक करने वाले लोग, जो पहले सुबह 5 बजे घरों से निकलते थे, अब 7 बजे तक घरों में बैठे रहे। इस दौरान कोहरे और सर्द हवाओं के थपेड़ों के बीच पार्क और सड़कों पर चलना मुश्किल हो गया। इस सप्ताह पारे में उतार चढ़ाव स्कूली छात्र-छात्राएं भी ठिठुरते हुए सिर और चेहरा ढांककर स्कूल के लिए घरों से निकलते देखे गए। इस मौसम का असर बाजार पर भी पड़ रहा है। दोपहर 12 बजे तक दुकानों पर ग्राहक कम पहुंच रहे हैं। वहीं शाम 6 बजे के बाद गांव से आने वाले खरीदार भी वापस लौट रहे हैं, जिससे व्यापारियों की बिक्री प्रभावित हो रही है। सफर भी हुआ मुश्किल सर्दी में बाइक चलाना बेहद मुश्किल हो रहा है। बस और ट्रेन से यात्रा करने से भी लोग बच रहे हैं। ऐसे में निजी या किराए की चार पहिया वाहनों से सफर को लोग ज्यादा सहूलियतपूर्ण मान रहे हैं। शनिवार सुबह 7 बजे तक कोहरे के कारण दृश्यता 150 फीट से भी कम रही, जिससे यातायात पर असर पड़ा। वहीं सर्द हवाएं आठ किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से बह रही थीं। मौसम विभाग के अनुसार, आगामी दो से तीन दिन तक कोहरा छाया रहेगा। इसके बाद सुबह के समय अच्छी धूप निकलने के आसार जताए गए हैं।


