बैतूल-इंदौर हाईवे पर वाटर पार्क कर्मचारी की मौत:नशे में धुत बाइक सवार ने मारी टक्कर, दो घायल अस्पताल में भर्ती

बैतूल जिले के बैतूल-इंदौर हाईवे पर देवगांव जोड़ के पास देर रात हुए सड़क हादसे में 20 वर्षीय प्रकाश मंसू उइके की मौत हो गई। पुलिस के अनुसार, प्रकाश अपनी बाइक से जा रहा था, तभी शराब के नशे में धुत अन्य बाइक सवारों ने उसे टक्कर मार दी। दुर्घटना में प्रकाश मौके पर गिर गया, जबकि दो अन्य युवक घायल हुए। राहगीरों ने घायलों को एम्बुलेंस से जिला अस्पताल पहुंचाया। प्रकाश बोदी जूना वाणी का निवासी था और स्थानीय वाटर पार्क में कार्यरत था। परिजनों ने बताया कि वह अपने छह भाइयों में पांचवें नंबर पर था और परिवार की आर्थिक मदद के लिए पढ़ाई छोड़कर काम करने लगा था। वाटर पार्क संचालक के अनुसार, प्रकाश मेहनती और जिम्मेदार कर्मचारी था, पार्क में साफ-सफाई और सुरक्षा की जिम्मेदारियां संभालता था। पिछले दो दिनों से गार्ड की अनुपस्थिति के कारण प्रकाश स्वयं गेट पर चौकीदारी कर रहा था। दुर्घटना की रात भी वह चौकीदारी के लिए ही घर से निकला था। खेड़ी चौकी प्रभारी उप निरीक्षक राकेश सरेआम ने बताया कि अस्पताल चौकी से मर्ग डायरी दर्ज कर मामले की जांच की जाएगी। मृतक के परिजनों को हादसे की सूचना दे दी गई है और आरोपी चालक की पहचान कर हिरासत में लेने की कोशिश की जा रही है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *