कड़ाके की ठंड..फिर भी 250 लोग जनता दर्शन में पहुंचे:CM ने सुनी समस्याएं, बोले- विदेश भेजने का झांसा देने वालों पर करें सख्त कार्रवाई

दो दिवसीय दौरे पर गोरखपुर आए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शनिवार को जनता दर्शन में 250 लोगों की समस्या सुनी। पुलिस के अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया कि विदेश भेजने का झांसा देकर ठगी करने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाए। उन्होंने लोगों से भी इस झांसे में न आने की अपील की। सीएम ने कहा कि ऐसी ठगी करने वाले एजेंटों की पहचान कर उन्हें जेल भेजें।
जो लोग इस झांसे में आ चुके हैं और एजेंटों के पास उनका पैसा फंसा है, उन पीड़ितों का पूरा पैसा वापस कराया जाए। सीएम ने कहा कि ऐसे लोगों के खिलाफ सख्त एक्शन लिया जाए। जिससे वे किसी भी व्यक्ति को अपने चंगुल में फंसाने न पाएं। कड़ाके की ठंड के बावजूद पहुंचे थे लोग कड़ाके की ठंड के बावजूद बड़ी संख्या में लोग गोरखनाथ मंदिर पहुंचे थे। महंत दिग्विजयनाथ स्मृति भवन सभागार में आयोजित जनता दर्शन में सीएम ने एक-एक कर सभी लोगों से मुलाकात की। उन्होंने आश्वासन दिया कि किसी को घबराने की जरूरत नहीं है। हर समस्या का प्रभावी निराकरण कराया जाएगा।
जनता दर्शन में आयी एक महिला ने परिवार के एक सदस्य को विदेश भेजने के नाम पर एजेंट द्वारा ठगी करने की बात बताई। सीएम ने महिला को समझाते हुए कहा कि इस चक्कर में न पड़िए। उन्होंने डीआईजी को शिकायत पत्र सौंपते हुए कहा कि एजेंट के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए। पीड़ित को उनका पूरा पैसा वापस दिलाया जाए। उन्होंने महिला से कहा कि गलत तरीके से विदेश जाने पर लोगों को वहां जेल जाना पड़ता है। जनता दर्शन में आए पुलिस से जुड़े मामलों में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए। साथ ही कहा कि पीड़ितों की मदद में विलंब और लापरवाही कतई नहीं होनी चाहिए। जनता की समस्याओं के समाधान में किसी तरह की लापरवाही हुई तो संबंधित के खिलाफ कार्रवाई भी तय है।
मुख्यमंत्री ने प्रशासन व पुलिस के अधिकारियों से कहा कि जनता की समस्याओं का समयबद्ध, निष्पक्ष और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण करें। हर पीड़ित की त्वरित मदद की जाए। उन्होंने जमीन कब्जाने की शिकायतों पर विधिसम्मत कठोर कदम उठाने के निर्देश दिए। इलाज के लिए मिलेगी आर्थिक मदद जनता दर्शन में हर बार की तरह इस बार भी कुछ लोग इलाज में आर्थिक सहायता की गुहार लेकर पहुंचे थे। इस पर सीएम योगी ने अधिकारियों से कहा कि जल्द से जल्द अस्पताल के इस्टीमेट की प्रक्रिया पूर्ण कराकर शासन को उपलब्ध करा दें। इलाज के लिए मुख्यमंत्री विवेकाधीन कोष से पर्याप्त मदद की जाएगी। जनता दर्शन में परिजनों के साथ आए बच्चों को प्यार-दुलारकर सीएम योगी ने उन्हें स्कूल जाने के लिए प्रेरित करते हुए चॉकलेट दिया।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *