भास्कर न्यूज | अमृतसर नशे के खिलाफ युवाओं को जागरूक करने के उद्देश्य से जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की ओर से शुक्रवार को यूथ अगेंस्ट ड्रग्स अभियान के तहत सेमिनार का आयोजन किया गया। यह सेमिनार एलेक्जेंडर स्कूल में आयोजित हुआ। कार्यक्रम का आयोजन अश्वनी कुमार मिश्रा, न्यायाधीश, पंजाब एवं हरियाणा हाईकोर्ट तथा कार्यकारी अध्यक्ष, पंजाब राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, एसएएस नगर (मोहाली) के नेतृत्व और मार्गदर्शन में किया गया। साथ ही माननीय सदस्य सचिव, पंजाब राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण तथा जिला एवं सत्र न्यायाधीश-सह-अध्यक्ष , जतिंदर कौर के निर्देशानुसार यह पहल की गई। सेमिनार का संचालन ज्यूडिशियल मजिस्ट्रेट और जिला कानूनी सेवा प्राधिकरण के सचिव अमरदीप सिंह बैंस के मार्गदर्शन में हुआ। उन्होंने छात्रों को नशे के सामाजिक, शारीरिक और कानूनी दुष्परिणामों की जानकारी दी और स्वस्थ, अनुशासित व नशा मुक्त जीवन अपनाने का संदेश दिया। संबोधन में बैंस ने कहा कि युवा देश के भविष्य हैं और राष्ट्र निर्माण में उनकी भूमिका सबसे अहम है। उन्होंने छात्रों से नशे और नकारात्मक प्रभावों से दूर रहने तथा समाज में जागरूकता फैलाने की अपील की। कार्यक्रम में स्कूल के छात्र-छात्राओं व स्टाफ ने सक्रिय भागीदारी की। अंत में संवाद सत्र हुआ और सभी ने यूथ अगेंस्ट ड्रग्स अभियान को समर्थन देने व नशा मुक्त समाज के निर्माण की सामूहिक शपथ ली।


