ग्रामीणों ने विद्युत ग्रिड स्टेशन पर किया प्रदर्शन:किसान की मौत का विभाग को ठहराया जिम्मेदार, 3 घंटे तक रोकी बिजली सप्लाई

करौली के सपोटरा स्थित नारौली डांग में किसानों ने विद्युत ग्रिड स्टेशन पर प्रदर्शन किया। कुछ दिन पहले खेत में सिंचाई के दौरान करंट लगने से किसान सुरेश चंद मीना की मौत से गुस्साए किसान विद्युत ग्रिड स्टेशन पहुंचे। आक्रोशित ग्रामीणों ने बिजली आपूर्ति बंद कर दी। सहायक अभियंता के आश्वासन के बाद करीब 3 घंटे बाद किसान माने। जिसके बाद विद्युत व्यवस्था सुचारु की गई। ग्रामीण शिवलाल मीना और बाबू के नेतृत्व में किसानों ने कई महत्वपूर्ण मांगें रखीं। इनमें मृतक के परिवार को मुआवजा, बिजली लाइनों का नियमित रखरखाव, केवल सरकारी लाइनमैन से ट्रांसफॉर्मर की मरम्मत, नारौली डांग फीडर से मांडा और सुगनपुरा फीडर को अलग करने की मांग प्रमुख थी। साथ ही उन्होंने मांग की कि शिकायतों का समाधान 12 घंटे के अंदर हो और हर 15 दिन में लाइनों की जांच की जाए। सहायक अभियंता एचआर परिहार ने प्रदर्शनकारियों को आश्वासन दिया कि उनकी मांगों पर गंभीरता से विचार किया जाएगा। उन्होंने कर्मचारियों की जवाबदेही बढ़ाने के लिए शिकायत रजिस्टर और उपस्थिति रजिस्टर बनाने का वादा किया। प्रदर्शन में काडू पटेल, कलुआ, रेड़या पटेल सहित 30 से अधिक ग्रामीण मौजूद रहे। विभाग ने अवैध वसूली पर रोक लगाने और बिजली आपूर्ति को नियमित करने का भी आश्वासन दिया।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *