अशोकनगर में सट्टा किंग फार्म हाउस पर चला बुलडोजर:बाउंड्री और बिल्डिंग को जमींदोज किया, पीडब्ल्यूडी सड़क की जमीन पर था अवैध निर्माण

अशोकनगर में सट्टा किंग आजाद खान के खिलाफ प्रशासन ने सख्त कार्रवाई की है। शनिवार सुबह पुलिस और प्रशासन की संयुक्त टीम कोलूआ गांव स्थित उसके फार्म हाउस पर पहुंची। कार्रवाई के दौरान दो जेसीबी मशीनों की मदद से फार्म हाउस की बाउंड्री वॉल और उससे लगी दो मंजिला इमारत को गिरा दिया गया। पीडब्ल्यूडी सड़क की जमीन पर था अवैध निर्माण यह फार्म हाउस आजाद खान की मां शहजाद बानो के नाम पर दर्ज है। प्रशासन के अनुसार पीडब्ल्यूडी सड़क से नियमानुसार 75 फीट दूरी छोड़ना अनिवार्य था, लेकिन नियमों का उल्लंघन कर निर्माण किया गया था। करीब 1000 वर्ग फीट क्षेत्र में बने मकान का लगभग 12 फीट हिस्सा अवैध पाया गया, जिसे तोड़ा गया। भारी पुलिस बल रहा मौजूद कार्रवाई के दौरान सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए थे। पुलिस बल बलवा ड्रेस में तैनात रहा। मौके पर एसडीओपी विवेक शर्मा, देहात थाना प्रभारी भुवनेश शर्मा, तहसीलदार भारतेंदु यादव सहित राजस्व, पीडब्ल्यूडी और पंचायत विभाग के अधिकारी मौजूद थे। पहले ही दिया गया था नोटिस प्रशासन ने बताया कि कार्रवाई से पहले अवैध हिस्से से सामान हटवा लिया गया था। नियम विरुद्ध निर्माण को लेकर पहले ही नोटिस चस्पा किया गया था, लेकिन तय समय में अतिक्रमण नहीं हटाया गया, जिसके बाद बुलडोजर की कार्रवाई की गई। जेल में बंद है सट्टा किंग आजाद खान आजाद खान का नाम पहले ऑनलाइन सट्टा मामलों में सामने आया था। प्रशासन ने उसका पिस्टल लाइसेंस निरस्त किया था। इसके बाद दो भाइयों को आत्महत्या के लिए उकसाने के मामले में उसे गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया। फिलहाल आजाद खान जेल में बंद है और प्रशासन उसके अवैध ठिकानों पर लगातार कार्रवाई कर रहा है। कार्रवाई के दौरान की तस्वीरें

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *