जगराओं से प्रयागराज महाकुंभ के लिए 27,000 स्टील की थालियां, 17,000 स्टील के गिलास और 8,000 कपड़े के थैले भेजे गए हैं। ये पहल पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देने के लिए ‘हरियावल पंजाब’ संस्था ने की है। संस्था ने ‘एक थैला एक थाली मिशन’ के तहत की है। हरियावल पंजाब टीम के भुवन कुमार ने बताया कि महाकुंभ में अनुमानित 50 करोड़ लोगों के आने की संभावना है। प्रतिदिन लगभग 1,200 टन कचरा उत्पन्न होने का अनुमान है, जिसे कम करने के लिए यह पहल की गई है। हर श्रद्धालु को एक कपड़े का थैला मुफ्त में दिया जाएगा। संस्था के मोहित अग्रवाल ने बताया कि ये थैले सरकारी आईटीआई से प्रशिक्षित युवाओं द्वारा सेवा भारती के प्रशिक्षण केंद्रों में बनाए गए हैं। इस अभियान में आर्ट ऑफ लिविंग के प्रदीप चौधरी का भी महत्वपूर्ण योगदान रहा है। कार्यक्रम के दौरान संस्था के सदस्यों ने नागरिकों से कूड़ा-कचरा न फैलाने, कूड़ेदान का उपयोग करने और एकल-प्लास्टिक के इस्तेमाल से बचने का आग्रह किया। इस अवसर पर डॉ. भारत भूषण सिंगला, राजेंद्र जैन, मोहित जैन, राजीव गुप्ता, विपिन कुमार, डीएवी के प्रिंसिपल वेद व्रत सहित कई गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।


