जयपुर डिस्कॉम द्वारा राष्ट्रीय लोक अदालत का आयोजन कल (रविवार) धौलपुर और राजाखेड़ा कोर्ट परिसर में किया जाएगा। इस दौरान डिस्कॉम के अधिशासी अभियंता विवेक शर्मा के नेतृत्व में शिविर लगाए जाएंगे। धौलपुर डिवीजन के कुल 11 हजार पुराने कटे विद्युत उपभोक्ताओं और लंबित वीसीआर (VCR) धारकों को नोटिस जारी किए गए हैं, जिन पर कुल 40 करोड़ रुपए बकाया हैं। डिवीजन के राजाखेड़ा उपखंड में 4019 डीसी/पीडीसी उपभोक्ताओं पर 18.47 करोड़ रुपए और 1347 वीसीआर पर 2.25 करोड़ रुपए बकाया हैं। धौलपुर शहर उपखंड में 1940 उपभोक्ताओं पर 5.90 करोड़ रुपए और 360 वीसीआर पर 81 लाख रुपए बकाया हैं। इसी प्रकार, धौलपुर ग्रामीण उपखंड में 3370 डीसी/पीडीसी उपभोक्ताओं पर 13.48 करोड़ रुपए बकाया हैं। डिस्कॉम के अधिशासी अभियंता विवेक शर्मा ने बताया कि लोक अदालत में पुराने कटे उपभोक्ताओं का रिकॉर्ड कंप्यूटर पर मौके पर उपलब्ध होगा। बिल संशोधन और त्रुटिपूर्ण बिल, डीसी/पीडीसी कनेक्शन तथा पुराने लंबित वीसीआर जैसी समस्याओं का समाधान भी मौके पर ही किया जाएगा। बकाया राशि को एकमुश्त जमा कराने पर उपभोक्ताओं को विशेष छूट दी जाएगी। डिस्कॉम ने चेतावनी दी है कि यदि उपभोक्ता लोक अदालत में बकाया राशि जमा नहीं कराते हैं, तो उनके परिसरों की जांच के लिए अभियान चलाया जाएगा और उन पर कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।


