पन्ना जिले में सियार अब रिहायशी इलाकों में घुसकर बच्चों को निशाना बना रहे हैं। शनिवार को अजयगढ़ के ग्राम भापतपुर में एक तीन माह के मासूम बच्चे पर सियार ने हमला कर दिया। बच्चे को गंभीर हालत में जिला अस्पताल रेफर किया गया है। यह एक सप्ताह के भीतर ऐसी दूसरी घटना है। जानकी आदिवासी अपने खेत में खाना बना रही थीं। उनका तीन माह का बेटा संजय आदिवासी पास ही जमीन पर लेटा हुआ था। जब बच्चे की मां आटा रखने घर के अंदर गईं, उसी दौरान एक सियार ने बच्चे पर हमला कर दिया। बच्चे की चीख सुनकर मां और आसपास काम कर रहे परिजन मौके पर दौड़े। उन्होंने किसी तरह मासूम की जान बचाई। इस हमले में बच्चे के सिर और चेहरे पर गंभीर चोटें आई हैं। घायल मासूम को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र अजयगढ़ में भर्ती कराया गया। हालत नाजुक होने के कारण उसे प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल पन्ना रेफर कर दिया गया। डॉक्टर बच्चे की स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए हैं। घटना के बाद से क्षेत्र में भय का माहौल है और लोग सियार को पकड़कर जंगल में छोड़ने की मांग कर रहे हैं।


