ननखड़ी के खोलीघाट पंचायत के बनीबासा में शुक्रवार को हुए भीषण अग्निकांड में एक परिवार का पूरा मकान जलकर राख हो गया। शनिवार को हिमकोफेड के पूर्व अध्यक्ष कौल नेगी ने मौके पर पहुंचकर पीड़ित परिवार से मुलाकात की और उन्हें राहत सामग्री प्रदान की। शनिवार को कौल नेगी ने पीड़ित परिवार से मुलाकात की। घटना में रामलाल के परिवार का दो मंजिला मकान पूरी तरह जल गया। मकान में रखा सारा सामान भी नष्ट हो गया और परिवार के पास सिर्फ तन पर पहने कपड़े ही बचे। आर्यावर्त सोसाइटी की ओर से पीड़ित परिवार को राहत सामग्री में राशन किट, प्रेशर कुकर, कंबल, तिरपाल, रजाई, गद्दे, गैस चूल्हा और अन्य जरूरी किचन का सामान दिया गया। कौल नेगी ने कहा कि इस दुखद घटना में परिवार को भारी नुकसान हुआ है। उन्होंने प्रशासन और सरकार से पीड़ित परिवार को तत्काल आर्थिक सहायता देने की मांग की है। साथ ही नुकसान का जल्द आकलन कर उचित मुआवजा देने का आग्रह किया है। इस अवसर पर भाजपा मंडलाध्यक्ष ननखड़ी जिया लाल, पूर्व भाजपा महामंत्री जगदीश मेहता, प्रधान खोलीघाट अनीता कुमारी, उप प्रधान टेक चंद राजटा, आर्यावर्त सोसाइटी के महामंत्री ओम बगई समेत कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।


