उदयपुर-अहमदाबाद नेशनल हाईवे पर टैंकर बेकाबू होकर डिवाइडर तोड़ते हुए दूसरी लेन में जाकर सामने से आ रहे कंटेनर से टकरा गया। दोनों वाहनों में टक्कर के साथ ही आग लग गई। हाईवे पर जाम लग गया। हादसे में दोनों ड्राइवर घायल हो गए। धुएं का गुबार और लपटें देखकर लोग घबरा गए। हादसा शनिवार शाम करीब पांच बजे हुआ। उदयपुर से अहमदाबाद जा रहा टैंकर टीड़ी पुलिस थाना क्षेत्र के बोरी कुआं पेट्रोल पंप के पास बेकाबू होकर डिवाइडर से टकराते हुए अहमदाबाद से उदयपुर आ रही लेन में चला गया। वहां आ रहे कंटेनर से टकरा गया। दोनों वाहनों के टकराते ही टैंकर और कंटेनर में भीषण आग लग गई। इस बीच हाईवे पर दोनों तरफ से आने वाले वाहन भी भीषण आग को देखकर रुक गए। बाद में वहां जमा हुए ग्रामीणों ने टैंकर ड्राइवर नानालाल जाट (भीलवाड़ा निवासी) और कंटेनर ड्राइवर अख्तर (अलवर निवासी) को बाइक पर टीडी अस्पताल पहुंचाया। टैंकर निम्बाहेड़ा से अहमदाबाद जा रहा था, जबकि कंटेनर अहमदाबाद से आ रहा था। हादसे के बाद हाईवे की दोनों तरफ की लेन में जाम लग गया। करीब आधे घंटे तक जाम रहा और उसके बाद धीरे-धीरे वाहनों की आवाजाही शुरू हुई। सूचना मिलने पर टीडी पुलिस और उदयपुर से दमकल भी मौके पर पहुंची। अब देखिए, हादसे से जुड़ी PHOTOS… फोटो-वीडियो : बंशीलाल मीणा, टीडी


