झाबुआ में सड़क निर्माण न होने पर MLA की चेतावनी:रानापुर में विक्रांत भूरिया बोले- जल्द काम शुरू नहीं हुआ तो होगा चक्काजाम

झाबुआ विधायक डॉ. विक्रांत भूरिया शनिवार को रानापुर नगर पहुंचे और रहवासियों की समस्याएं सुनीं। उन्होंने सड़कों की खस्ताहाल स्थिति और अधूरे काम को देखकर मौके से ही सीएमओ लक्ष्मीकांत शर्मा को फोन पर कड़ी चेतावनी दी। विधायक ने कहा कि यदि जल्द सड़क निर्माण कार्य शुरू नहीं किया गया, तो वे जनता के साथ मिलकर चक्काजाम करेंगे। वार्ड 6 और 7 के निवासी लंबे समय से सड़क निर्माण न होने से परेशान हैं। इससे पहले वे सीएमओ और पार्षदों का घेराव भी कर चुके हैं। रहवासियों ने विधायक को बताया कि सड़क नहीं होने से धूल और गड्ढों के कारण उनका जीना मुश्किल हो गया है। बातचीत के दौरान यह सामने आया कि संबंधित ठेकेदार काम बीच में छोड़कर भाग गया है। विधायक भूरिया ने सीएमओ को ऐसे ठेकेदार को तत्काल ब्लैकलिस्ट करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि वार्डवासी परेशान हैं और प्रशासन मूकदर्शक बना हुआ है। अब और इंतजार नहीं किया जाएगा। काम शुरू नहीं होने पर नए टेंडर निकालेंगे सीएमओ लक्ष्मीकांत शर्मा ने बताया कि ठेकेदार को अंतिम नोटिस जारी कर दिया गया है। उन्होंने कहा, “हम ठेकेदार को अंतिम सूचना पत्र जारी कर चुके हैं। काम शुरू न होने की स्थिति में नई विज्ञप्ति जारी कर टेंडर कॉल किए जाएंगे ताकि जनता की समस्या का समाधान हो सके।” यदि ठेकेदार काम शुरू नहीं करता है, तो पुरानी निविदा रद्द कर जल्द ही नए टेंडर आमंत्रित किए जाएंगे। इस दौरान विधायक के साथ ब्लॉक कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष कैलाश डामोर, भोलू कोठारी, विनोद सालेचा, निर्मल कोठारी, देवकुमार पड़ियार और बड़ी संख्या में स्थानीय निवासी उपस्थित थे।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *