पैरोल पर आए कैदी का शव पेड़ पर लटका मिला:पत्नी को हत्या के आरोप में ग्वालियर सेंट्रल जेल में बंद था; चार दिन पहले घर से लापता हुआ

ग्वालियर केंद्रीय जेल में सजा काट रहे कैदी का शव संदिग्ध परिस्थितियों में पेड़ पर लटका मिला है। सजायाफ्ता कैदी कुछ दिन पहले ही पैरोल लेकर अपने घर आया था। शनिवार को उसका शव मिला। जिला अस्पताल में शव का पोस्टमार्टम किया गया। जानकारी के मुताबिक शनिवार तड़के म्याना थाना क्षेत्र के ग्राम अगरा में एक व्यक्ति का शव बमूल के पेड़ पर लटका देखा गया था। ग्रामीणों ने तत्काल म्याना पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने छानबीन शुरू की तो पेड़ पर लटक रहे शव की पहचान लगभग 30 वर्षीय बादल सहरिया के रूप में हुई। पुलिस ने शव को तुरंत पोस्टमार्टम के लिए गुना जिला अस्पताल पहुंचाया। यहां मौजूद मृतक के परिजनों ने जानकारी दी कि बादल सहरिया ने किसी जरूरी काम से पैरोल ली थी। वह पिछले चार-पांच दिनों से लापता था, घर वालों को लगा कि बादल किसी काम से बाहर चला गया होगा, इसलिए पुलिस को सूचना भी नहीं दी गई। शुरुआती पड़ताल में यह भी सामने आया है कि बादल का शव कई दिनों से पेड़ पर लटका था। घटनास्थल रिहायशी क्षेत्र से काफी दूर होने की वजह से लोगों का ध्यान तक नहीं गया। कई दिनों से पेड़ पर लटका होने की वजह से बादल की लाश में सड़न होने लगी थी। बताया जा रहा है कि बदल सहरिया पर अपनी ही पत्नी की हत्या करने का आरोप है। इसी सिलसिले में उसे सजा हुई और ग्वालियर की सेंट्रल जेल में कई महीनों से अपनी सजा काट रहा था। मामला काफी पेंचीदा और संदिग्ध भी नजर आ रहा है, लिहाजा पुलिस जांच में जुट गई है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *