मऊगंज जिले में पुलिस ने नशे के कारोबार पर बड़ी कार्रवाई की है। ऑपरेशन प्रहार 2.0 के तहत हनुमना पुलिस ने अवैध नशीली कफ सिरप की तस्करी करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। उनके कब्जे से नकदी, कफ सिरप, कार और मोबाइल फोन समेत करीब 14.20 लाख रुपए का सामान जब्त किया गया है। पुलिस को शनिवार को मुखबिर से सूचना मिली थी कि एक सफेद रंग की कार (क्रमांक MP 53 ZF 2001) में तीन लोग अवैध नशीली कफ सिरप लेकर बड़कुड़ा बॉर्डर से मऊगंज–सीधी हाईवे होते हुए आ रहे हैं। सूचना पर त्वरित कार्रवाई करते हुए हनुमना पुलिस ने मोटवा पहाड़ी के पास घेराबंदी कर वाहन को रोका। तलाशी लेने पर कार की डिग्गी से 35 शीशी अवैध नशीली कफ सिरप और एक झोले में 4 लाख 5 हजार रुपए नकद बरामद हुए। मौके से तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया। इनको किया गिरफ्तार गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान रविनंदन तिवारी उर्फ रवि (24) निवासी कोठार, थाना कोतवाली, जिला सीधी; दीपक तिवारी उर्फ दीपू (32) निवासी कोठार, थाना कोतवाली, जिला सीधी और शिवम गौतम उर्फ मालिक (20) निवासी सतोहरी, थाना रामपुर नैकिन, जिला सीधी के रूप में हुई है। जब्त की गई सामग्री में 35 शीशी नशीली कफ सिरप (कीमत ₹6,930), 4,05,000 रुपए नकद, एक टोयोटा गैलैंजा कार (अनुमानित कीमत ₹10 लाख) और एक मोबाइल फोन (कीमत ₹9,000) शामिल हैं। कुल जब्त मशरुका की कीमत 14,20,930 रुपए आंकी गई है। इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक अनिल काकड़े सहित पुलिस स्टाफ और साइबर सेल की टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस ने बताया कि नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ यह अभियान लगातार जारी रहेगा।


