छिंदवाड़ा में सीमेंट से भरा ट्रक पलटा, दो की मौत:दमुआ के झिरी के पास हुआ हादसा; प्रत्यक्षदर्शी बोले-तेज रफ्तार के कारण पलटा

छिंदवाड़ा जिले में शनिवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि छह अन्य घायल हो गए। हादसा दमुआ थाना क्षेत्र के सारणी मार्ग पर झिरी के पास हुआ, जहां सीमेंट से भरा एक ट्रक अनियंत्रित होकर पलट गया। ट्रक के नीचे दबने से दो लोगों ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक ट्रक तेज रफ्तार में था। झिरी के पास मोड़ पर चालक ट्रक पर नियंत्रण नहीं रख सका और भारी वाहन सड़क किनारे पलट गया। ट्रक के पलटते ही आसपास अफरा-तफरी मच गई। हादसे की आवाज सुनकर राहगीर और आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और राहत कार्य शुरू किया। घायलों की मदद के लिए पहुंचे स्थानीय लोग स्थानीय लोगों ने बिना देरी किए ट्रक के नीचे दबे घायलों को बाहर निकालने का प्रयास किया। इस दौरान किसी ने घटना का वीडियो भी बना लिया, जो सोशल मीडिया पर सामने आया है। वीडियो में साफ दिखाई दे रहा है कि लोग जान जोखिम में डालकर घायलों को ट्रक के नीचे से बाहर निकाल रहे हैं। सूचना मिलते ही दमुआ थाना पुलिस मौके पर पहुंची और राहत व बचाव कार्य को संभाला। सभी घायलों को एंबुलेंस के जरिए प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार जारी है। घायलों में से कुछ की हालत गंभीर बताई जा रही है, जिन्हें जरूरत पड़ने पर जिला अस्पताल रेफर किया जा सकता है। दमुआ के रहने वाले थे मृतक पुलिस ने हादसे में जान गंवाने वाले दोनों मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मृतकों की पहचान दमुआ निवासी संतोष और रवि के रूप में हुई है। हादसे के बाद कुछ समय के लिए सारणी मार्ग पर यातायात भी प्रभावित रहा, जिसे बाद में सुचारु कराया गया। पुलिस के अनुसार प्रारंभिक जांच में ट्रक के अनियंत्रित होने की वजह तेज रफ्तार या तकनीकी खराबी मानी जा रही है। फिलहाल मामले की जांच की जा रही है। जांच के बाद ही हादसे के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *