वर्धमान महावीर खुला विश्वविद्यालय आयोजित RSCIT की परीक्षा का 21 दिसंबर (रविवार) को बाड़मेर संभाग के 14 परीक्षा केंद्रों पर होगी। मुख्य पर्यवेक्षक क्षेत्रीय केंद्र जोधपुर के सहायक कुलसचिव सुरेश कुमार शर्मा ने बताया- इस परीक्षा में कुल 4 हजार 517 परीक्षार्थी पंजीकृत हैं। परीक्षा सुबह 10 बजे से 11 बजे तक होगी। सहायक कुलसचिव ने बताया- परीक्षार्थी को परीक्षा केंद्र पर नियमानुसार 9:30 बजे तक प्रवेश दिया जाएगा। इसके बाद एग्जाम सेंटरों पर एंट्री नहीं दी जाएगी। छात्र समय का विशेष ध्यान रखें और परीक्षा के लिए मूल राजकीय पहचान पत्र परीक्षा केंद्र पर लाना अनिवार्य होगा। बाड़मेर संभाग में परीक्षा का आयोजन तहसील मुख्यालय बाड़मेर, चौहटन, सेड़वा, गुड़ामालानी एवं धोरीमन्ना में किया जाएगा। परीक्षा के सफल संचालन के लिए संयोजक के रूप में सेवानिवृत्त एएसओ सुरेश चंद शर्मा, लिपिक ग्रेड द्वितीय दिलीप शर्मा और आरिफ को नियुक्त किया गया है। साथ ही प्रत्येक एग्जाम सेंटरों पर विश्वविद्यालय की ओर से समन्वयक नियुक्त किए गए हैं। आरएससीआईटी का प्रमाण पत्र विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं में शामिल होने के लिए कंप्यूटर दक्षता की एक महत्वपूर्ण परीक्षा है। परीक्षा उत्तीर्ण करने वाले अभ्यर्थियों को विश्वद्यालय द्वारा सर्टिफिकेट जारी किया जाता है।


