धार में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के प्रस्तावित कार्यक्रम को लेकर शनिवार को जिला स्तर पर एक समीक्षा बैठक आयोजित की गई। यह बैठक प्रभारी कलेक्टर एवं मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत अभिषेक चौधरी की अध्यक्षता में हुई। मुख्यमंत्री 23 दिसंबर 2025 को जिले में प्रस्तावित मेडिकल कॉलेज के भूमिपूजन कार्यक्रम में सहभागिता करेंगे। बैठक में कार्यक्रम की तैयारियों की विस्तृत समीक्षा की गई और विभिन्न विभागों को जिम्मेदारियां सौंपी गईं। प्रभारी कलेक्टर अभिषेक चौधरी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी व्यवस्थाएं पूर्व अनुभवों एवं निर्धारित मानकों के अनुसार सुनिश्चित की जाएं। उन्होंने सौंपे गए कार्यों को समय-सीमा में पूर्ण करने पर जोर दिया। कार्यक्रम की संपूर्ण व्यवस्था की जिम्मेदारी खुद जिला पंचायत सीईओ अभिषेक चौधरी ने अपने हाथों में ली है। लोक निर्माण विभाग के कार्यपालन यंत्री को मंच, पार्किंग स्थल एवं आवश्यक बेरिकेडिंग की व्यवस्था करने को कहा गया। विद्युत कंपनी के अधीक्षक यंत्री को कार्यक्रम स्थल एवं कारकेड के लिए विद्युत व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। जानिए किस विभाग को क्या जिम्मेदारी मिली
जिला आपूर्ति अधिकारी राम बरडे और खाद्य सुरक्षा अधिकारी सचिन लौंगरिया को भोजन एवं स्वल्पाहार की व्यवस्था सौंपी गई। लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग को पेयजल व शौचालय व्यवस्था, जबकि मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी को स्वास्थ्य व्यवस्थाओं की जिम्मेदारी मिली। जिला प्रबंधक ई-गवर्नेंस एवं प्रबंधक लोक सेवा प्रबंधन को लाइव प्रसारण, कंप्यूटर, लीज लाइन एवं ई-शिलान्यास संबंधी व्यवस्था के निर्देश दिए गए। सहायक परियोजना अधिकारी को मंच संचालन, तथा जिला योजना एवं सांख्यिकी अधिकारी व प्रबंधक उद्योग को भूमिपूजन-लोकार्पण सूची तैयार करने का जिम्मा दिया गया। जिला जनसंपर्क अधिकारी को मीडिया समन्वय, फोटोग्राफी एवं प्रचार-प्रसार, जिला कार्यक्रम अधिकारी व उप संचालक उद्यानिकी को दीप प्रज्ज्वलन एवं हितग्राहियों की सूची तैयार करने के निर्देश मिले। मुख्य नगरपालिका अधिकारी को साफ-सफाई की जिम्मेदारी दी गई। इसके अतिरिक्त, अनुविभागीय अधिकारी राजस्व धार, तहसीलदार, सहायक आयुक्त आबकारी, अतिरिक्त क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी एवं सहायक अधीक्षक भू-अभिलेख को भी अलग-अलग दायित्व सौंपे गए। सभी अधिकारियों को अनुविभागीय अधिकारी राजस्व राहुल गुप्ता के समन्वय में कार्य करने के निर्देश दिए गए। बैठक में पुलिस अधीक्षक मयंक अवस्थी, अपर कलेक्टर संजीव केशव पांडेय, अनुविभागीय अधिकारी राजस्व राहुल गुप्ता सहित अन्य जिला अधिकारी उपस्थित रहे।


