हरदा के कलेक्टर आदित्य सिंह ने शनिवार को कलेक्ट्रेट में आयोजित बैठक में विकासखंड शिक्षा अधिकारियों और संकुल प्राचार्यों को निर्देश दिए कि स्कूलों का नियमित निरीक्षण किया जाए और शैक्षणिक गुणवत्ता में सुधार लाया जाए। साथ ही बोर्ड परीक्षा के नतीजों में सुधार के लिए एक्स्ट्रा क्लास लगाने के भी निर्देश दिए गए हैं। कलेक्टर ने त्रैमासिक और अर्धवार्षिक परीक्षाओं के खराब परिणामों को गंभीरता से लेते हुए तजपुरा और सिराली के संकुल प्राचार्यों के खिलाफ चेतावनी पत्र जारी करने के आदेश दिए। उन्होंने हाई स्कूल और हायर सेकेंडरी के विद्यार्थियों के लिए अतिरिक्त कक्षाओं की व्यवस्था करने का निर्देश दिया, जिससे बोर्ड परीक्षाओं की बेहतर तैयारी हो सके। बैठक में कलेक्टर ने विशेष जोर देते हुए कहा कि बच्चों को रुचिकर तरीके से पढ़ाया जाए, ताकि वे मन लगाकर पढ़ें और परीक्षा परिणामों में सुधार हो। बैठक में जिला पंचायत की सीईओ सविता झानिया और जिला शिक्षा अधिकारी डी एस रघुवंशी भी उपस्थित रहे। शिक्षा विभाग के अधिकारियों को स्कूलों की समस्याओं की पहचान कर उनके समाधान के लिए तत्काल कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए।


