सड़क दुर्घटना में युवक की मौत, सड़क जाम:मृतक के भाई ने कहा- थाना प्रभारी केस नहीं करने का बना रहे दबाव

लातेहार में सड़क हादसे में युवक की मौत के बाद परिजनों ने शनिवार को सदर अस्‍पताल के पास एनएच-75 को जाम कर दिया। युवक की मौत शुक्रवार की शाम हुई थी। वो थर्ड रेलवे लाइन निर्माण कार्य में लगे एक वाहन की चपेट में आ गया था। मृतक जितेंद्र कुमार गुप्‍ता पॉलिटेक्निक का छात्र था। कॉलेज से अपने घर लौट रहा था और इसी दौरान यह हादसा हुआ था। इधर, सड़क जाम कर रहे मृतक के भाई संदीप कुमार ने कहा कि पुलिस प्रशासन द्वारा उन्‍हें किसी प्रकार कोई सहयोग नहीं किया जा रहा है। उल्टा थाना प्रभारी प्रमोद कुमार सिन्हा द्वारा केस नहीं करने का दबाव बनाया जा रहा है। थाना प्रभारी द्वारा कहा जाता है कि केस करने से कुछ नहीं होगा। संदीप ने आगे कहा कि दुर्घटना के बाद वाहन को पकड़कर थाना में दे दिया गया, लेकिन उसे छोड़ दिया गया। परिजनों ने जिले के वरीय अधिकारियों को मौके पर बुलाने और निर्माण कार्य में लगी कंपनी पर कार्रवाई करने की मांग पर अड़े हुए हैं। इधर, जाम की सूचना के बाद अंचलाधिकारी अरविंद देवाशीष टोप्पो मौके पर पहुंचे और पीड़ित परिवारों को समझाने का प्रयास किया।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *