सावधान! बटाला रोड पर लुटेरे एक्टिव गन दिखा स्कूटी सवार से 50 हजार लूटे

भास्कर न्यूज | अमृतसर धुंध बढ़ने के साथ ही बटाला रोड पर तड़कसार लूट की वारदातें बढ़ गई हैं। अखबार विक्रेता से गन प्वाइंट पर 5 हजार रुपए लूटने वाले बाइक सवार लुटेरों ने अगले ही दिन दूसरी बड़ी वारदात को अंजाम दिया है। बदमाशों ने टंडन नगर एरिया में शिवसेना सूर्यवंशी के जिला अध्यक्ष को निशाना बनाते हुए 50 हजार रुपए लूट लिए। पूरी वारदात पास में लगे सीसीटीवी में कैद हो गई है। घटना शनिवार तड़के करीब 4 से 5 बजे के बीच की बताई जा रही है। 2 बाइकों पर सवार 4 से 5 नकाबपोश लुटेरे राहगीरों को रोकते हैं और पिस्तौल दिखाकर लूटपाट करते हैं। विजय नगर चौकी पुलिस ने दोनों मामलों में आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है। शिवसेना सूर्यवंशी के जिला अध्यक्ष विशाल कुमार ने बताया कि मुर्गी खाने वाली गली में रहते हैं और रोज तड़के शहीदां साहिब माथा टेकने जाते हैं। शनिवार सुबह करीब साढ़े 4 बजे जब स्कूटी पर टंडन नगर से गुजर रहे थे तो बाइक सवार 4 से 5 युवकों ने रास्ता रोक लिया। 2 बदमाशों ने पिस्तौल दिखाकर 50 हजार रुपए छीन लिए और फरार हो गए। विशाल ने बताया कि जब शिकायत दर्ज कराने विजय नगर पुलिस चौकी पहुंचे तो वहां पहले से ही लूट की शिकायत लेकर अन्य लोग पहुंचे थे। इससे साफ है कि शनिवार तड़के गिरोह ने एक नहीं, बल्कि कई वारदातों को अंजाम दिया। गौर हो कि अखबार विक्रेता मनोहर शर्मा और उनके बेटे से बीते शुक्रवार सुबह साढ़े 5 बजे मुर्गी खाने वाली गली में लुटेरों ने गन प्वाइंट पर 5 हजार रुपए छीने थे। पुलिस का कहना है कि जल्द लुटेरों को काबू किया जाएगा।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *