अमृतसर | हिंदू चेतना मंच के राष्ट्रीय अध्यक्ष और आम आदमी पार्टी के नेता अशोक डिंपी चौहान ने बांग्लादेश में अल्पसंख्यकों पर हो रहे अत्याचारों पर गहरा रोष व्यक्त किया है। कटड़ा अहलूवालिया में प्रदेश अध्यक्ष अनुज खेमका द्वारा बुलाई गई एक विशेष बैठक को संबोधित करते हुए चौहान ने ढाका के पास बालुका में हिंदू युवक दीपू चंद्र दास की हत्या की कड़े शब्दों में निंदा की। चौहान ने बताया कि बांग्लादेश में भड़की हिंसा के दौरान दीपू चंद्र दास को न केवल नंगा करके पीट-पीटकर मार डाला गया, बल्कि मानवता की सारी हदें पार करते हुए उसे फांसी पर लटकाया गया और बाद में खंभे से बांधकर पेट्रोल डालकर जला दिया गया। उन्होंने इस घटना को मानवता के नाम पर एक शर्मनाक धब्बा करार दिया। बैठक के दौरान इस बात पर भी चिंता जताई गई कि हिंसक भीड़ ने भारतीय राजदूत के कार्यालय में तोड़फोड़ करने की कोशिश की, जो गंभीर और दुर्भाग्यपूर्ण अंतरराष्ट्रीय घटना है।


