जालंधर| अस्मिता खेलो इंडिया के अंतर्गत अस्मिता सॉफ्ट टैनिस लीग नॉर्थ जोन का आयोजन जम्मू के एमए स्टेडियम में किया जा रहा है। पंजाब टीम के टीम मैनेजर डॉ. प्रदीप कुमार सिंह ने बताया कि 18 से 21 दिसंबर तक हो रही इस चार दिवसीय प्रतियोगिता में पंजाब, दिल्ली, उत्तर प्रदेश, चंडीगढ़, हिमाचल प्रदेश, हरियाणा सहित मेज़बान जम्मू-कश्मीर की बालिका एवं महिला टीमें हिस्सा ले रही हैं। प्रतियोगिता के तीसरे दिन 15 वर्ष आयु वर्ग की सब-जूनियर बालिका युगल प्रतियोगिता में पंजाब की गनीव और अगम्या की जोड़ी ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए उत्तर प्रदेश को 3–0 से हराकर पंजाब युगल टीम को स्वर्ण पदक दिलाया और 16 हजार रुपये की पुरस्कार राशि भी प्राप्त की। पंजाब टीम के इस शानदार प्रदर्शन पर सॉफ्ट टैनिस एसोसिएशन ऑफ पंजाब के महासचिव नरेंद्र पाल सिंह ने विजेता खिलाड़ियों एवं उनके अभिभावकों को बधाई दी। पंजाब की दोनों सब-जूनियर पदक विजेता खिलाड़ी जनवरी माह में होने वाली अस्मिता खेलो इंडिया के अंतर्गत राष्ट्रीय सॉफ्ट टैनिस प्रतियोगिता में पंजाब का प्रतिनिधित्व करेंगी।


