पल्स पोलियो अभियान: 8 हजार बच्चों को पिलाई जाएगी ड्रॉप

भास्कर न्यूज | बैकुंठपुर कलेक्टर चंदन त्रिपाठी की अध्यक्षता में कलेक्टोरेट सभाकक्ष में जिला स्तरीय टास्क फोर्स समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में सीएमएचओ द्वारा राष्ट्रीय टीकाकरण दिवस (एनआईडी) के अंतर्गत पल्स पोलियो अभियान की कार्ययोजना प्रस्तुत की गई। बताया गया कि जिले में 0 से 5 वर्ष आयु वर्ग के लगभग 8 हजार बच्चों को 21 से 23 दिसंबर तक पोलियो ड्रॉप पिलाई जाएगी। 21 दिसंबर को सुबह 8 बजे से शाम 5 बजे तक निर्धारित पोलियो बूथों पर बच्चों को ड्रॉप पिलाई जाएगी। वहीं 22 और 23 दिसंबर को स्वास्थ्य कर्मियों द्वारा घर-घर जाकर बच्चों को पोलियो ड्रॉप पिलाने का कार्य किया जाएगा। बैठक के बाद कलेक्टोरेट परिसर से कलेक्टर चंदन त्रिपाठी व जिला पंचायत अध्यक्ष मोहित पैकरा ने पोलियो जागरूकता रथ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। यह रथ जिले के दूरस्थ एवं पहुंचविहीन क्षेत्रों में जाकर लोगों को पोलियो के प्रति जागरूक करेगा। कलेक्टर ने निर्देश दिए कि बाहर जाने वाले और बाहर से आने वाले बच्चों पर विशेष ध्यान दिया जाए। हाट-बाजार, रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड, ईंट-भट्ठों, झुग्गी-झोपड़ी एवं शहरी स्लम क्षेत्रों में विशेष टीमों की तैनाती सुनिश्चित की जाए। उन्होंने प्रथम दिवस में न्यूनतम 80 प्रतिशत बच्चों को कवर करने का लक्ष्य निर्धारित किया। साथ ही माइक्रो प्लान बनाकर शत-प्रतिशत क्रियान्वयन, ट्रांजिट टीम की सक्रिय भूमिका, नियमित मॉनिटरिंग, आपातकालीन तैयारी, रैपिड रिस्पांस टीम के उन्मुखीकरण एवं एईएफआई से निपटने के लिए आवश्यक किट उपलब्ध रखने के निर्देश दिए।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *