मेहंदीपुर बालाजी/ जयपुर| दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता शनिवार को मेहंदीपुर बालाजी मंदिर पहुंचीं। मंदिर प्रवेश द्वार पर पंडितों ने स्वस्तिवाचन किया। सिद्धपीठ के महंत डॉ. नरेशपुरी महाराज ने पुष्पगुच्छ भेंट कर उनका स्वागत किया। मुख्यमंत्री ने गर्भगृह के समक्ष बैठकर वैदिक मंत्रोच्चार के बीच विशेष पूजा-अर्चना की। करीब आधे घंटे तक उन्होंने बालाजी महाराज, भैरव बाबा व प्रेतराज सरकार के दर्शन कर प्रार्थना की। इस दौरान उन्होंने बालाजी महाराज को सवामणी भोग अर्पित किया। दर्शन के बाद मुख्यमंत्री ने महंत निवास में महंत डॉ. नरेशपुरी महाराज से शिष्टाचार भेंट की और आध्यात्मिक विषयों पर चर्चा की। महंत ने मुख्यमंत्री को सोने के चोले का टीका लगाया, रामनामी दुपट्टा पहनाया और मोदक प्रसादी भेंट की।


