घोड़ाडोंगरी तहसील के सूखाढाना के बालाजी वेयर हाउस पर बनाए खरीदी केंद्र पर समिति प्रबंधक और अन्य कर्मचारियों द्वारा किसानों की धान की खरीदी बिना रिश्वत दिए नहीं हो रही है। धान बेचने गए किसानों ने इसके सबूत भास्कर को दिए। किसानों ने आरोप लगाए कि सूखाढाना में सतपुड़ा विपणन सेवा सहकारी समिति प्रबंधक, हम्माल और अन्य कर्मचारी अवैध वसूली कर रहे हैं। किसानों ने बताया इस खरीदी केंद्र पर बिना रुपए दिए धान की खरीदी नहीं हो रही है। केंद्र पर समिति प्रबंधक बलवीर मालवी के भतीजे, हम्माल और अन्य कर्मचारियों के यूपीआई खातों में मोबाइल के माध्यम से किसानों से रुपए डलवाए जा रहे हैं वहीं जो किसान नकद दे रहा है उनसे नकद वसूले जा रहे हैं। जबकि शासन ने स्पष्ट रूप से निर्देश हैं कि किसानों से किसी भी प्रकार की राशि नहीं ली जाए। बड़ी बात तो यह है कि केंद्र पर धान बेचने के लिए भाजपा समर्थित जनप्रतिनिधियों को भी केंद्र के कर्मचारियों को रिश्वत देनी पड़ रही है। वहीं जो किसान रिश्वत देने के इनकार करता है। उस किसान की उपज खरीदने में देरी की जाती है। जिसके कारण किसान परेशान होकर रिश्वत देने के लिए मजबूर हो जाता है। समिति में प्रति ट्रॉली एंट्री 1000 रुपए वसूले जा रहे हैं। वहीं हम्माली के प्रति ट्रॉली 500 रुपए, बोरी सिलाई करने वाले और बोरी नापने वाले के नाम से प्रति बोरी 1-1 रुपए और पक्का बिल बनाने वाले कंप्यूटर ऑपरेटर के 100 रुपए वसूले जा रहे हैं। जबकि खरीदी के लिए नियमानुसार समिति और हम्माल को शासन की ओर से भुगतान किया जाता है, बावजूद इसके अवैध वसूली की जा रही है। किसान ने 337 बोरी धान बेची, 5037 रुपए देनी पड़ी रिश्वत सिवनपाट निवासी किसान अंतराम उइके ने बताया धान खरीदी केंद्र सूखाढाना पर धान बेची। केंद्र पर समिति प्रबंधक के भतीजे विवेक मालवी के खाते में ऑनलाइन 2800 रुपए और 200 रुपए डलवाए। हम्माल के लिए हम्माल के मुकदमा के कहने पर मुकेश वरकड़े के खाते में 1000 एवं बोरी सिलाई करने वाले राजकुमार के खाते में 337 रुपए, बोरी की तुलाई करने के लिए 400 रुपए नकद और बिल बनाने वाले कंप्यूटर ऑपरेटर को 100 रुपए नकद देने पड़े। 337 बोरी के लिए केंद्र पर कुल 5037 रुपए दिए। केंद्र पर बिना रुपए दिए खरीदी नहीं की जा रही है। जो किसान पैसे नहीं देर रहा उसकी खरीदी में जानबूझ कर देरी की जाती है। शिकायत मिली तो कार्रवाई करेंगे ^धान खरीदी पर अवैध वसूली की शिकायत नहीं मिली है। शिकायत मिलने पर कार्रवाई की जाएगी। केके टेकाम, जिला खाद्य एवं आपूर्ति अधिकारी, बैतूल ^केंद्र पर किसानों से कोई भी वसूली नहीं की जा रही है। बीच में हम्मालों के पैसे की शिकायत मिलने पर हम्मालों को भाग दिया था। किसानों को किसी को भी पैसे नहीं देने की समझाइश भी दी है। बलवीर मालवी, प्रबंधक, सतपुड़ा विपणन सेवा सहकारी समिति भाजपा मंडल अध्यक्ष से फोन कराया फिर भी लिए 800 रु. किसान सियाराम पंद्राम ने बताया कि सूखाढाना धान खरीदी केंद्र पर धान बेचने के लिए गया था। केंद्र पर धान खरीदी करने वालों ने पहले 500 रुपए प्रति ट्रॉली के मांग की। इस पर भाजपा मंडल अध्यक्ष दीपक पटेल से फोन पर बात कराई तो खरीदी की। लेकिन इसके बाद भी हम्मालों ने 180 क्विंटल धान की तुलाई के लिए 800 रुपए ले लिए।


