राहुल गैंग ने12 दिन पहले मांगी थी रंगदारी:5 करोड़ नहीं दिए तो जमीन कारोबारी के घर पर फायरिंग

गैंगस्टर राहुल सिंह गिरोह के अपराधियों ने शुक्रवार देर रात नगड़ी के पतरा टोली स्थित जमीन कारोबारी रमेश कुमार उर्फ बबलू सोनी के घर के बाहर फायरिंग की। इस गिरोह ने नौ दिसंबर को रमेश से पांच करोड़ रुपए की रंगदारी मांगी थी। रंगदारी न देने पर अपराधी उनके घर के पास पहुंचे और अंधाधुंध फायरिंग शुरू कर दी। अपराधियों ने सात राउंड फायरिंग की। हालांकि इससे किसी को कोई नुकसान नहीं पहुंचा। शनिवार सुबह करीब छह बजे उन्होंने पुलिस को सूचना दी। पुलिस मौके पर पहुंची तो वहां सात खोखे मिले। पुलिस के मुताबिक जांच में पुष्टि हुई है कि राहुल सिंह गिरोह के दो अपराधियों ने इस गोलीकांड को अंजाम दिया है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है। इसी बीच गिरोह के सरगना राहुल सिंह ने सोशल मीडिया पर पोस्ट डालकर घटना की जिम्मेदारी ली है। दो पिस्टल और बाइक छोड़कर भागे अपराधी
फायरिंग कर रहे अपराधियों की तस्वीर सीसीटीवी कैमरे में कैद है। हालांकि घना कोहरा होने के कारण उनका चेहरा साफ नहीं दिख रहा है। फायरिंग के बाद वहां बड़ी संख्या में लोग जुट गए थे। इससे अपराधी दो पिस्टल और बाइक छोड़कर वहां से फरार हो गए। शनिवार सुबह पुलिस ने पिस्टल और बाइक जब्त कर ली। विदेश में बैठा है राहुल सिंह, एप के माध्यम से फोन कर कारोबारियों से मांगता है रंगदारी
गैंगस्टर अमन साहू के मारे जाने के बाद राहुल सिंह ही उस गिरोह को चला रहा है। पुलिस चाहकर भी राहुल तक नहीं पहुंच पा रही है। क्योंकि वह विदेश में बैठा है। वहीं से एप के माध्यम से कारोबारियाें को रंगदारी के लिए फोन करता है। रंगदारी नहीं देने पर उसके गुर्गे फायरिंग कर दहशत फैलाते हैं। रंगदारी मांगने के बाद जमीन कारोबारी रमेश ने एफआईआर दर्ज कराई थी। लेकिन पुलिस उसका पता नहीं लगा सकी। यही नहीं, पुलिस न तो उसके गुर्गों को गिरफ्तार कर पाई और न ही जमीन कारोबारी को सुरक्षा दी। पुलिस की इस लापरवाही का अपराधियों ने फायदा उठाया और उनके घर के बाहर फायरिंग की।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *