उदयपुर में राष्ट्रीय मृदा सर्वेक्षण एवं भूमि उपयोग नियोजन ब्यूरो क्षेत्रीय केन्द्र में शनिवार को केन्द्र सरकार की कृषि, पशुपालन एवं खाद्य प्रसंस्करण की संसदीय स्थायी समिति सदस्य एवं बक्सर लोकसभा के सांसद सुधाकर सिंह एवं क्षेत्रीय केन्द्र के बसंत ने दौरा किया। क्षेत्रीय केन्द्र प्रमुख डॉ. बी.एल.मीना ने सांसद का स्वागत किया। डॉ. मीना ने राष्ट्रीय मृदा सर्वेक्षण एवं भूमि उपयोग नियोजन ब्यूरो में किये जा रहे कार्यों के बारे में विस्तार से जानकारी दी। कार्यक्रम में क्षेत्रीय केन्द्र में चल रहे मृदा सर्वेक्षण और अन्य किसानोपयोगी शोध गतिविधियों की प्रशंसा की एवं किसान कल्याण के हित में लिये गये कदमों की जानकारी ली। उन्होंने देश में मृदा की जांच और उपयोगिता को देखते हुये वैज्ञानिकों को सलाह दी कि संस्थान द्वारा किये गये कार्यों को देश के कोने-कोने में पहुंचाने का प्रयास करें ताकि शोध का लाभ किसानों के खेतों तक कम से कम समय में एवं प्रभावी ढंग से पहुंच सके। सिंह ने कहा कि क्षेत्रीय केन्द्र, उदयपुर द्वारा किये जा रहे कार्य और आंकड़ें भूमि उपयोग नियोजन और कृषि सम्बन्धी नीति निर्धारण में बहुत ही उपयोगी साबित होंगे और निश्चित रूप से आमजन के लिए उपयोगी होंगे। सांसद ने मृदा संग्रहालय, भौतिक एवं रासायनिक प्रयोगशाला का भी निरीक्षण किया। इस अवसर पर डॉ. आर.पी. शर्मा, प्रधान वैज्ञानिक, डॉ. आर. एस. मीणा, वरिष्ठ वैज्ञानिक, डॉ. आर.एल. मीणा, वरिष्ठ वैज्ञानिक, डॉ. महावीर नोगिया, डॉ. बृजेश यादव, डॉ. लाल चन्द मालव, डॉ. अभिषेक जांगीड एवं डॉ. भगवती लाल टेलर आदि मौजूद थे।


