करौली में शनिवार को मौसम ने अचानक करवट ली। सुबह से ही आसमान में बादल छाए रहे, हालांकि दोपहर में कुछ देर के लिए धूप निकली। शाम करीब 5 बजे के बाद बूंदाबांदी शुरू हो गई, जो करीब एक घंटे तक जारी रही। बारिश कभी तेज तो कभी मध्यम गति से होती रही, जिससे सड़कों पर पानी बह निकला। बारिश के साथ चली शीतलहर ने कड़ाके की सर्दी का एहसास करा दिया। मौसम के इस अचानक बदलाव से लोग कंपकपाते नजर आए। मौसम के बिगड़े मिजाज का असर स्थानीय व्यापार पर भी देखने को मिला। शाम को बाजारों में लोगों की आवाजाही काफी कम हो गई, जिसके चलते दुकानदारों को अपनी दुकानें सामान्य से पहले बंद करनी पड़ी। मौसम विभाग के अनुसार, आने वाले दिनों में सर्दी का प्रकोप और बढ़ने की संभावना है।


