ग्वालियर में 25 दिसंबर को देश के गृह मंत्री अमित शाह के दौरे को लेकर गतिविधियां तेज हो गई हैं। जिला प्रशासन और पुलिस कार्यक्रम को फायनल टच देने की कोशिश कर रही है। पार्किंग, रूट निर्धारण, मंच पर कौन रहेगा, सुरक्षा व्यवस्था सहित अन्य मसलों को लेकर तैयारियां जोर-शोर से चल रही हैं। हालांकि गृह मंत्री का आधिकारिक प्रोग्राम प्रशासन को नहीं मिला है। पर एसपीजी के अफसर लगातार ग्वालियर पुलिस से संपर्क कर रहे हैं। ग्वालियर में मेला ग्राउंड में होने जा रहे कार्यक्रम स्थल से लेकर एयरपोर्ट तक चार हजार से ज्यादा पुलिस जवान व अफसर सुरक्षा की कमान संभालेंगे। जहां गृह मंत्री शाह मौजूद रहेंगे वो नो फ्लाइंग जोन रहेगा। कार्यक्रम में ग्वालियर-चंबल अंचल के कई शहरों से लोग आएंगे। यही कारण है कि शहर के हर कोने पर तीन रास्तों पर अलग-अलग पार्किंग बनाई गई है। मेले के पीछे वाले रास्ते से पहुंचेंगे गृह मंत्री शाह
देश के गृह मंत्री अमित शाह महाराजपुरा स्थित वायु सेना के हवाई अड्डे पर विशेष विमान से आएंगे। एयरपोर्ट पर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया, विधानसभा अध्यक्ष नरेन्द्र सिंह तोमर सहित भाजपा के चुनिंदा पदाधिकारी उनकी अगवानी करेंगे। एयरपोर्ट से गोला का मंदिर तक सीधा रूट रहेगा। गोला का मंदिर से गृह मंत्री का काफिला मेले के पीछे वाली रोड, संस्कृति गार्डन से होते हुए कार्यक्रम स्थल तक पहुंचेगा। इस दौरान गोला का मंदिर चौराहा से मेला ग्राउंड के पीछे वाली रोड पूरी तरह से ब्लॉक रहेगी। रोड पर किसी को जाने की अनुमति नहीं होगी। कहां-कहां रहेगी पार्किंग
पार्किंग व्यवस्था को लेकर फिलहाल जो स्थिति सामने आई है उसके अनुसार भिंड, मुरैना की तरफ से आने वाले वाहनों को एग्रीकल्चर कॉलेज के पास पार्क कराया जाएगा। दतिया, डबरा से जो वाहन आएंगे वह बड़ागांव, सात नम्बर चौराहा से होते हुए भाऊ साहब पोतनीस एनक्लेब के पास पार्क किए जा सकेंगे। शिवपुरी, गुना की तरफ से आने वाले वाहनों के लिए सूर्य नमस्कार तिराहे के पास पार्किंग व्यवस्था की जाएगी। स्थानीय वीआईपी के लिए भी प्रशासन ने व्यवस्था इस तरह बनाई है कि उन्हें किसी तरह की परेशानी न आए। स्थानीय वीआईपी अपने वाहन इंद्रमणि नगर क्षेत्र में पार्क करके वहां से पैदल-पैदल कार्यक्रम स्थल तक पहुंचेगें। तीन बड़ी पार्किंग समेत कुल 15 पार्किंग प्लेस तैयार किए गए हैं। चार हजार जवान संभालेंगे सुरक्षा व्यवस्था
देश के गृह मंत्री की सुरक्षा व्यवस्था के लिए शहर में चार हजार जवान तैनात किए जा रहे हैं। जिसमें एक हजार पुलिसकर्मी ग्वालियर के रहेंगे। इसके अलावा आस-पास के जिलों से भी पुलिस बल मांगा गया है। इनके पहुंचने का सिलसिला एक-दो दिन में शुरू हो जाएगा। जिस रूट से गृह मंत्री गुजरेंगे वहां विशेष सुरक्षा दस्ता कमान संभालेगा और स्पेशल कमांडों की नजर धरती से लेकर आसमान तक रहेगी। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने नक्सलियों का पूरी तरह खात्मा करने के लिए 31 मार्च की डेट घोषित की है। यह पॉइंट उनके सुरक्षा अधिकारियों के जेहन में हमेशा रहता है, इसलिए सुरक्षा इतनी टाइट होगी कि गृह मंत्री के पास ऐसा कोई व्यक्ति पहुंच नहीं सकेगा, जो अनाधिकृत होगा। फिर वह चाहे कोई बड़ा वीवीआईपी ही क्यों न हो। सुरक्षा के लिए आईजी ने ली बैठक शनिवार को आईजी अरविन्द सक्सैना ने अभ्युदय मध्यप्रदेश ग्रोथ समिट-2025 में शामिल होने आ रहे देश के गृह मंत्री की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए पुलिस अफसरों के साथ ही थाना प्रभारियों की बैठक लेकर सुरक्षा के लिए आवश्यक दिशा निर्देश दिए। इस अवसर पर सभी अफसरों के साथ ही सीएसपी, डीएसपी व थाना प्रभारी मौजूद थे। ऊंची बिल्डिंग पर पुलिस का पहरा देश के गृहमंत्री के आने और जाने के मार्ग पर दो दिन पहले से पुलिस जवानों का पहरा रहेगा और हर गतिविधि पर नजर रखी जाएगी। जिससे असामाजिक तत्वों पर निगाह रखी जा सके और वीवीआईपी की सुरक्षा में किसी तरह की चूक ना हो एएसपी ट्रैफिक अनु बेनीवाल ने बताया- मेला मैदान में 25 दिसंबर को होने जा रहे कार्यक्रम में बाहर से भी लोग आएंगे। इसलिए तीन अलग-अलग स्पॉट पर पार्किंग बनाई गई है। सुरक्षा व्यवस्था भी कड़ी की गई है।


