खरगोन जिले के आदर्श आवासीय एकलव्य स्कूल मेनगांव में प्रिंसिपल के खिलाफ छात्रों ने विरोध प्रदर्शन किया। शनिवार शाम को लगभग 250 छात्र प्रिंसिपल प्रवीणा दहिया की शिकायत लेकर कलेक्टर से मिलने पैदल निकल पड़े। छात्रों का आरोप है कि प्रिंसिपल मामूली बातों पर गुस्सा होकर चिल्लाती हैं और कठोर सजा देती हैं। छुट्टी से लौटने पर कुछ छात्रों से 500 रुपए तक वसूले गए। छात्रों का कहना है कि प्रिंसिपल बदले की भावना से भी सजा देती हैं और बार-बार इस्तीफे की बात करती हैं। एसडीएम, सहायक आयुक्त, डीईओ मौके पर पहुंचे
सूचना मिलते ही एसडीएम बीएस कलेश, सहायक आयुक्त प्रशांत आर्य और डीईओ एसके कानूड़े मौके पर पहुंचे। तब तक छात्र हॉस्टल से करीब 3 किलोमीटर दूर जा चुके थे। अधिकारियों ने उन्हें बस से वापस ले जाने का प्रयास किया, लेकिन छात्र प्रिंसिपल के खिलाफ कार्रवाई की मांग पर अड़े रहे। 7 दिन में कार्रवाई का दिया भरोसा
लगभग आधे घंटे तक मेनगांव में चर्चा चली। सहायक आयुक्त ने 7 दिन में कार्रवाई का लिखित में भरोसा दिया, जिसके बाद छात्र हॉस्टल लौटे। तीन महीने पहले भी छात्र शैक्षणिक परेशानियों को लेकर कलेक्टर से मिलने निकले थे। तब भी अधिकारियों ने बीच रास्ते से ले जाकर हॉस्टल में समझाया था। एसडीएम कलेश ने कहा कि छात्रों की शिकायतों पर गंभीरता से विचार किया जा रहा है और जल्द ही मामले का समाधान निकाला जाएगा। देखें हंगामे के दौरान ली गई तस्वीरें…


