शिवपुरी जिले के देहात थाना क्षेत्र के पिपरसमा गांव में आज शनिवार को रास्ते पर पंचायत भवन के निर्माण को लेकर सरपंच और गांव के एक परिवार के बीच जमकर मारपीट हो गई। दोनों पक्षों के बीच हुई मारपीट का एक वीडियो भी वायरल हुआ है। सरपंच पक्ष ने इसकी लिखित शिकायत कलेक्टर से की है। वहीं दूसरे पक्ष ने इसकी शिकायत एसपी ऑफिस पहुंचकर की है। पिपरसमा सरपंच हक्के धाकड़ के मुताबिक गांव में पंचायत भवन स्वीकृत हुआ था। आज पंचायत भवन के निर्माण के लिए लिए चूना डाला जा रहा था। तभी अनिल धाकड़, देवेन्द्र धाकड़, कल्लू धाकड़ और कुबेर धाकड़ आ गए थे। जिनके द्वारा मारपीट करना शुरू कर दिया गया, जब सुरेश धाकड़ और दिनेश धाकड़ ने बचाने का प्रयास किया तो दोनों के साथ भी मारपीट कर दी गई। खेत जाने वाले रास्ते पर कराया जा रहा निर्माण
वहीं दूसरे पक्ष की ओर से अनिल धाकड़ ने बताया कि सरपंच हक्के धाकड़ द्वारा पंचायत भवन का निर्माण हमारे खेत पर जाने वाले रास्ते पर करवाया जा रहा है। सरपंच से खेत पर जाने के लिए 10 फीट का रास्ता छोड़ देने के बात कही थी। लेकिन आज सरपंच हक्के द्वारा खेत पर रखे भूसा और धनिया पर ट्रैक्टर चलवाने का प्रयास किया। किसी ने दर्ज नहीं कराया केस
जब सरपंच हक्के को रोकने का प्रयास किया तो सरपंच हक्के धाकड़ और सुरेश धाकड़, दिनेश धाकड़, डब्बू धाकड़ और मंशा धाकड़ ने मारपीट कर दी। बता दें कि दोनों पक्षों ने इसकी शिकायत देहात थाने में भी दर्ज कराई थी। देहात थाना प्रभारी रत्नेश यादव का कहना है कि दोनों पक्ष थाने पहुंचे थे। लेकिन समाज के लोगों के कहने पर फिर किसी ने शिकायत दर्ज नहीं कराई थी।


