विदिशा में आज रविवार को विद्युत वितरण कंपनी द्वारा तीन घंटे की बिजली कटौती की जाएगी। यह कटौती 33/11 केवी अहम्मदपुर सब स्टेशन पर विशेष तकनीकी सुधार कार्य के कारण होगी। मध्य क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी के शहर जोन-2 द्वारा अहम्मदपुर सब स्टेशन पर पीटीआर, वीसीबी, कंट्रोल पैनल सहित अन्य उपकरणों के रखरखाव एवं सुधार कार्य के लिए सुबह 11 बजे से दोपहर 2 बजे तक विद्युत प्रवाह बाधित रहेगा। इस मेंटेनेंस कार्य के कारण अहम्मदपुर सब स्टेशन के अंतर्गत आने वाले चार फीडरों से जुड़े इलाकों में विद्युत आपूर्ति बंद रहेगी। पोल फैक्ट्री फीडर के अंतर्गत पूरनपुरा गली नंबर 03, 04, 05, एम.पी.ई.बी. कॉलोनी और सांई मंदिर के पास अहम्मदपुर रोड जैसे क्षेत्रों में सुबह 11 बजे से दोपहर 2 बजे तक बिजली नहीं रहेगी। इसी तरह, दुर्गा नगर फीडर से जुड़े दुर्गा नगर कॉलोनी, मैन रोड दुर्गा नगर, पूरनपुरा, सिविल लाइन, जेल रोड और राजीव नगर में भी इसी अवधि में विद्युत आपूर्ति बाधित रहेगी। एमपीईबी कॉलोनी फीडर के तहत सिविल लाइन, शेरपुरा, दुर्गा नगर चौराहा, विजय नगर, एकता कॉलोनी और अहम्मदपुर रोड के इलाकों में भी सुबह 11 बजे से दोपहर 2 बजे तक बिजली बंद रहेगी। साईं कॉलोनी फीडर के अंतर्गत आने वाले साईं एनक्लेव परिसर में भी सुबह 11 बजे से दोपहर 2 बजे तक विद्युत आपूर्ति ठप रहेगी। विद्युत वितरण कंपनी ने सूचित किया है कि कार्य की आवश्यकता के अनुसार कटौती की अवधि में घट-बढ़ हो सकती है। कंपनी ने उपभोक्ताओं को होने वाली असुविधा के लिए खेद व्यक्त करते हुए सहयोग की अपील की है। कंपनी अधिकारियों ने बताया कि यह मेंटेनेंस कार्य भविष्य में बेहतर और सुरक्षित बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक है।


