अरब देश से 7.5 मिलियन टन क्रूड ऑयल आएगा:मूंदड़ा पोर्ट पर पहुंची पहली खेप, सीएस ने अधिकारियों के साथ ली मीटिंग

राजस्थान के पचपदरा में बन रही देश की सबसे अत्याधुनिक रिफाइनरी प्रदेश सहित देश का अहम प्रोजेक्ट है। रिफाइनरी का कार्य पूरा कर प्रोडक्शन लेने को लेकर एचपीसीएल सहित मुख्यमंत्री लगातार मॉनिटरिंग कर रहे हैं। वर्तमान में रिफाइनरी इकाई का 96.4 फीसदी कार्य पूरा हो चुका है। ऑयल रिफाइन को लेकर मूंदड़ा पोर्ट पर अरब मिक्स क्रूड ऑयल की पहली खेप पहुंचने के बाद कार्य को तेजी से करने को लेकर मुख्य सचिव ने शुक्रवार को जयपुर में एचपीसीएल व विभिन्न विभागीय अधिकारियों के साथ बैठक कर प्रगति पर समीक्षा की गई। मुख्य सचिव वी. श्रीनिवास की अध्यक्षता में एचआरआरएल की राज्य स्तरीय टास्क फोर्स की 7वीं बैठक आयोजित की गई। श्रीनिवास ने कहा कि राजस्थान रिफाइनरी सरकार का ड्रीम प्रोजेक्ट होने के साथ ही देश की ऐसी पहली परियोजना है, जिसमें रिफाइनरी के साथ ही पेट्रोकेमिकल कॉम्पलेक्स भी है। ऐसे में रिफाइनरी सहित सभी विभाग परस्पर समन्वय से कार्य करते हुए शीघ्र कार्य पूरा कर प्रोडक्शन शुरू करवाएं। मूंदड़ा पोर्ट पर अरब मिक्स से क्रूड टैंक की पहली खेप आई बैठक में रिफाइनरी के मुख्य कार्यकारी अधिकारी कमलाकर आर विखार व सीएफओ इंद्रजीत दासगुप्ता ने कार्य की प्रगति के बारे में जानकारी दी। बताया कि रिफाइनरी का समग्र रूप से 90.3 प्रतिशत कार्य पूरा हुआ है। वहीं रिफाइनरी इकाई का 96.4 प्रतिशत कार्य पूरा हो चुका है। रिफाइनरी के लिए मूंदड़ा पोर्ट पर अरब मिक्स से क्रूड टैंक (सीओटी) तक कच्चे तेल की पहली खेप आ गई है। यह मूंदड़ा पोर्ट 6 टैंकों से 150 लाख बैरल से अधिक कच्चा तेल पाइप लाइन के माध्यम से रिफाइनरी तक पहुंचेगा। रिफाइनरी में ओबीई कार्य 99.8 प्रतिशत पूरा हो चुका है। बैठक में अतिरिक्त मुख्य सचिव व चेयरमैन आईजीएनपी अभय कुमार, प्रमुख सचिव ऊर्जा अजिताभ शर्मा, वित वैभव गालरिया, राजस्व सचिव जोगाराम, सहित संभागीय आयुक्त, रेलवे अधिकारी, कलेक्टर व संयुक्त निदेशक पेट्रोलियम दिलीप राज शर्मा आदि मौजूद रहे। गैस पाइप लाइन टेस्टिंग का वर्क शुरू रिफाइनरी का कार्य अंतिम चरण में पहुंचने के साथ ही गैस पाइप लाइन की टेस्टिंग का कार्य शुरू हो गया है। एचपीसीएल के विकास कौशल ने बताया कि रिफाइनरी में मेहसाना भटिण्डा गैस पाइपलाइन से गैस आना शुरू हो गया है। इसे लेकर फ्लेयर सिस्टम शुरू होने से टेस्टिंग प्रक्रिया प्रारंभ की है। रिफाइनरी में पानी की खपत को लेकर सप्लाई नाचना रिजर्व से हो रही है। अत्याधुनिक बीएस-6 मानक की है रिफाइनरी पचपदरा में निर्माणाधीन रिफाइनरी देश की सबसे अत्याधुनिक बीएस-6 मानक की है। इसमें रिफाइनरी व पेट्रोकेमिकल प्लांट एक साथ बनाए जा रहे हैं। यह रिफाइनरी जीरो लिक्विड इंफ्लूएंट डिस्चार्ज है, इससे प्रोसेसिंग के दौरान पानी या तरल कचरे का कोई रिसाव (वेस्टेज) नहीं होगा, जो पर्यावरण के लिहाज से भी महत्वपूर्ण कदम है। टी. रविकांत ने बताया कि पेट्रोलियम विभाग की ओर से लगातार समन्वय बनाते हुए रिफाइनरी कार्य को आगे बढ़ाया जा रहा है। इस रिफाइनरी की खास बात यह कि जीरो लिक्विड इफ्लूएंट डिस्चार्ज है, इसका सीधा-सीधा मतलब है कि इसमें क्रूड ऑयल के रिफाइन के दौरान किसी तरह का वेस्टेज नहीं होगा। 9 मिलियन टन कच्चे तेल को रिफाइन करने की कैपिसिटी पचपदरा रिफाइनरी सालाना 9 मिलियन टन कच्चे तेल को रिफाइन करने की क्षमता है। साथ ही 2 मिलियन टन पेट्रोकेमिकल कॉम्पलेक्स की क्षमता है। ऐसे में रिफाइनरी की यूनिट का 96.4 फीसदी कार्य पूरा होने के साथ ही अरब देशों से क्रूड ऑयल की आपूर्ति शुरू कर दी गई है। रिफाइनरी के लिए कुल 7.5 मिलियन टन क्रूड ऑयल अरब देशों से मंगाया जा रहा है, वहीं प्रदेश में उत्पादित 1.5 मिलियन टन कच्चे तेल का उपयोग रिफाइनरी में किया जाएगा। 12 किलोमीटर बिछेगी रेल लाइन रिफाइनरी पर करीब 80 हजार करोड़ रुपए खर्च होंगे। रिफाइनरी में क्रूड ऑयल के रिफाइन के साथ ही बायो-प्रोडक्ट उत्पाद निकलने पर रोजगार के अवसर बढ़ेंगे। साथ ही माल का परिवहन भी बढ़ेगा। इसे लेकर बालोतरा से पचपदरा के बीच चलने वाली रेल लाइन को फिर से शुरू किया जाएगा। इसे लेकर हाल ही में सर्वे कार्य शुरू किया गया है। बालोतरा से पचपदरा व रिफाइनरी साइट तक 12 किमी दूरी में एचआरआरएल की ओर से रेलवे लाइन बिछाई जाएगी।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *