उत्तर छत्तीसगढ़ शीतलहर की चपेट में है। सरगुजा के पाट क्षेत्रों में न्यूनतम तापमान 1.5 डिग्री तक गिर गया है। रविवार सुबह मैनपाट के मैदानों में बर्फ की चादर दिखी। पत्तियों में ओंस की बूंदें जम गईं थी। पाट से लेकर मैदानी इलाकों में भी जमकर पाले पड़े हैं। मैदानी इलाकों में भी न्यूनतम तापमान 4 डिग्री तक गिर गया है। सरगुजा में शीतलहर के कारण पाट से लेकर मैदानी इलाकों तक कड़ाके की ठंड पड़ रही है। रविवार इस सीजन का सबसे ठंडा दिन रहा। सरगुजा के मैनपाट में न्यूनतम तापमान गिरकर 1.6 डिग्री पहुंच गया है। कई क्षेत्र में यहां खुले में रखा पानी भी जम गया। सामरीपाट एवं सोनहत में भी बर्फ जमी है। पाट से लेकर मैदानों तक शीतलहर ने ठिठुराया सरगुजा के मैदानी इलाकों में भी न्यूनतम तापमान गिरकर 4 डिग्री तक पहुंच गया है। रविवार सुबह मैदानी इलाकों में भी घास एवं पुआल में जमकर पाले पड़ेे। पिछले 24 घंटों में अंबिकापुर का न्यूनतम तापमान भी गिरकर 4.6 डिग्री पहुंच गया है। इस दौरान अधिकतम तापमान भी 4.6 डिग्री दर्ज किया गया है। यह दूसरा मौका है, जब न्यूनतम तापमान 4.5 डिग्री पहुंच गया है। कोहरे ने लगाया रफ्तार पर ब्रेक मौसम में नमी के कारण घना कोहरा छाने लगा है। बीती रात सड़कों पर धुंध नजर आई। देर रात तक घने कोहरे के कारण वाहनों की रफ्तार पर ब्रेक लग गया। सुबह तक पूरे संभाग में कोहरा छाया रहा। शीतलहरों का जारी रहेगा असर मौसम वैज्ञानिक एएम भट्ट ने कहा कि वर्तमान में उत्तरी शीतलहरें तेजी से प्रवेश कर रही हैं। शीतलहरों के कारण न्यूनतम तापमान में गिरावट आई है। पश्चिमी विक्षोभ भी सक्रिय है, जिससे सरगुजा में और कड़ाके की ठंड पड़ रही है। अंबिकापुर में न्यूनतम तापमान 4 डिग्री तक गिरने के आसार हैं। दिन में भी बढ़ी ठिठुरन सरगुजा संभाग के पाट क्षेत्रों से लेकर मैदानों तक शीतलहर ठिठुरा रही है। शाम होते ही लोग अलाव का सहारा ले रहे हैं। शाम होते ही पाट क्षेत्रों में सन्नाटा पसर जा रहा है।


