AAP के राष्ट्रीय महासचिव तीन दिन के छत्तीसगढ़ दौरे पर:संगठन में नई जान भरने लेंगे महत्वपूर्ण बैठक; प्रदेश सहप्रभारी मुकेश अहलावत भी रहेंगे साथ

आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संगठन महासचिव और राज्यसभा सांसद डॉ. संदीप पाठक आज से 3 दिन के छत्तीसगढ़ दौरे पर आ रहे हैं। उनके साथ प्रदेश सहप्रभारी मुकेश अहलावत भी प्रदेश प्रवास पर रहेंगे। इस दौरे को पार्टी संगठन के लिए अहम माना जा रहा है। प्रदेश कार्यकारी अध्यक्ष उत्तम जायसवाल ने बताया कि आज से 23 दिसंबर तक प्रवास के दौरान डॉ. संदीप पाठक प्रदेश संगठन की गतिविधियों की समीक्षा करेंगे और संगठन को मजबूत करने के लिए पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं के साथ महत्वपूर्ण बैठकें करेंगे। उन्होंने बताया कि दौरे के दौरान डॉ. संदीप पाठक और मुकेश अहलावत केनाल रोड स्थित आम आदमी पार्टी के नए प्रदेश कार्यालय का उद्घाटन करेंगे। इसके अलावा वे छत्तीसगढ़ के हित में जमीनी स्तर पर काम कर रहे सामाजिक संगठनों के प्रमुख लोगों से भी मुलाकात करेंगे। आगामी कार्ययोजना को लेकर देंगे निर्देश जायसवाल के अनुसार, हाल ही में पार्टी संगठन का विस्तार किया गया है, जिसमें नए पदाधिकारियों की नियुक्ति हुई है। इस दौरान दोनों नेता सभी नव-नियुक्त पदाधिकारियों को संगठन और आगामी कार्ययोजना को लेकर दिशा-निर्देश देंगे। प्रदेश सहप्रभारी मुकेश अहलावत दुर्ग और राजनांदगांव लोकसभा क्षेत्रों के पदाधिकारियों के साथ संगठन की समीक्षा बैठक करेंगे। बैठक में आगामी नगरीय निकाय चुनावों की तैयारी और रणनीति पर चर्चा होगी। संगठनात्मक बैठकें और कार्यकर्ता संवाद में होंगे शामिल प्रदेश महासचिव सूरज उपाध्याय ने बताया कि यह दौरा 21 दिसंबर से 23 दिसंबर तक प्रस्तावित है। उन्होंने कहा कि मुकेश अहलावत के सहप्रभारी बनने के बाद प्रदेश संगठन में नई ऊर्जा देखने को मिली है और पदाधिकारियों में जिम्मेदारी और गंभीरता बढ़ी है। अपने प्रवास के दौरान डॉ. संदीप पाठक प्रदेश के कई जिलों में संगठनात्मक बैठकें और कार्यकर्ता संवाद कार्यक्रमों में शामिल होंगे। वे छत्तीसगढ़ की राजनीतिक स्थिति, जनता से जुड़े मुद्दों और पार्टी की आगामी रणनीति पर भी चर्चा करेंगे। आम आदमी पार्टी छत्तीसगढ़ में शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार और भ्रष्टाचार जैसे मुद्दों को लेकर लगातार सक्रिय है। पार्टी का दावा है कि राष्ट्रीय संगठन महासचिव का यह दौरा प्रदेश संगठन को नई दिशा और मजबूती देगा।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *