रायसेन जिले के गैरतगंज स्थित हनुमान बस्ती में सकल हिंदू समाज के तत्वाधान में हिंदू सम्मेलन का आयोजन किया गया। यह सम्मेलन राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के शताब्दी वर्ष के अवसर पर रखा गया था। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में माताएं-बहनें, युवा और ग्रामीण शामिल हुए। सम्मेलन में श्री श्री 108 महामंडलेश्वर स्वामी भागवतनंद गिरि जी महाराज (पंचायती निरंजनी अखाड़ा, श्याम बालाजी आश्रम उज्जैन) विशेष रूप से उपस्थित रहे। उन्होंने अपने संबोधन में हिंदू समाज को एकजुट रहने का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि हिंदू समाज को आपस में बंटने के बजाय संगठित होकर रहना चाहिए। भगवान श्रीराम का उदाहरण देते हुए उन्होंने बताया कि एकजुट समाज ही हर चुनौती का सामना कर सकता है। सम्मेलन के मुख्य वक्ता विदिशा विभाग के विभाग प्रचारक सौरभ सिंह ने समाज परिवर्तन पर विचार रखे। उन्होंने लोगों से पर्यावरण की रक्षा करने, अधिक से अधिक पेड़ लगाने, पानी बचाने और प्लास्टिक का उपयोग बंद करने की अपील की। साथ ही गौ माता की सुरक्षा के लिए पॉलिथीन का पूरी तरह त्याग करने पर जोर दिया। कार्यक्रम की शुरुआत बस्ती की महिलाओं द्वारा निकाली गई कलश यात्रा से हुई। इसके बाद यज्ञ का आयोजन किया गया, जिसमें सभी ने आहुतियां दीं। सम्मेलन का समापन भारत माता की भव्य संगीतमय आरती के साथ हुआ। आयोजकों ने बताया कि आरएसएस के शताब्दी वर्ष के तहत प्रदेश भर में 20 दिसंबर 2025 से 20 जनवरी 2026 तक हिंदू सम्मेलनों का आयोजन किया जा रहा है। इसी क्रम में रायसेन जिले में करीब 150 हिंदू सम्मेलन आयोजित किए जाएंगे। देखें तस्वीरें


