डूंगरपुर स्पेशल पुलिस टीम (डीएसटी) ने बिछीवाड़ा थाना क्षेत्र के संचिया के पास अवैध शराब तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने एक पैसेंजर इको गाड़ी से 19 पेटी अवैध शराब बरामद की है। इस मामले में ड्राइवर और 3 महिलाओं सहित कुल 6 लोगों को गिरफ्तार किया गया है। एसपी मनीष कुमार ने बताया कि अवैध शराब तस्करी के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। तस्कर इस अभियान से बचने के लिए नए तरीके अपना रहे हैं। पुलिस को सूचना मिली थी कि तस्कर पैसेंजर गाड़ियों में सवारियों की आड़ में अवैध शराब की तस्करी कर रहे हैं।
इस सूचना पर डीएसटी की टीम को संचिया वरहात फला की ओर रवाना किया गया। टीम ने अवैध शराब से भरी एक इको कार को रोका। पुलिस को देखकर ड्राइवर घबरा गया। गाड़ी में सवारियां होने के कारण किसी को शक नहीं हुआ। पुलिस ने जब गाड़ी की तलाशी ली, तो सवारी बैग में ही शराब की 19 पेटियां भरी हुई मिलीं। आरोपी सवारियों की आड़ में शराब को गुजरात ले जाने की फिराक में थे।
पुलिस ने शराब तस्करी के आरोप में प्रवीण (40) पुत्र मीठालाल भगोरा निवासी संचिया, अजय (26) पुत्र विनोद घांसी निवासी कंकाड़ीवास थाना सरदार नगर अहमदाबाद, अजय (23) पुत्र रमेश भाई ठाकोर, आरती (40) पत्नी प्रमोद तमाईचे, सपना (40) पत्नी अजय तमाइचे और राजेश्वरी (33) पत्नी संजू भाई को गिरफ्तार किया है।


