विश्व ध्यान दिवस पर पुलिसकर्मियों का सामूहिक मेडिटेशन:दाजी के मार्गदर्शन में हैदराबाद से वर्चुअली जुड़े; SP ने बताया तनाव मुक्ति का आधार

विश्व ध्यान दिवस पर आगर मालवा के पुलिस कोतवाली परिसर में सामूहिक ध्यान कार्यक्रम आयोजित किया गया। यह आयोजन मध्य प्रदेश पुलिस महानिदेशक कैलाश मकवाना के निर्देश पर प्रदेशव्यापी गतिविधियों का हिस्सा था। इसका उद्देश्य पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को मानसिक रूप से सशक्त, एकाग्र और तनावमुक्त बनाना है। कार्यक्रम के दौरान कोतवाली परिसर में एक बड़ी स्क्रीन लगाई गई थी। इसके जरिए हार्टफुलनेस संस्था के वैश्विक मुख्यालय कान्हा शांति वनम, हैदराबाद में आयोजित मुख्य कार्यक्रम से वर्चुअल सीधा जुड़ाव स्थापित किया गया। हैदराबाद के इस वैश्विक आयोजन में उपराष्ट्रपति, तेलंगाना के राज्यपाल और मुख्यमंत्री भी उपस्थित रहे। ध्यान मानवता और वैश्विक एकता को जोड़ने का माध्यम कान्हा शांति वनम से हार्टफुलनेस के वैश्विक आध्यात्मिक मार्गदर्शक कामलेश डी. पटेल, जिन्हें ‘दाजी’ के नाम से जाना जाता है, ने प्रतिभागियों को संबोधित किया। उन्होंने बताया कि ध्यान केवल आत्मिक शांति का माध्यम नहीं है, बल्कि यह मानवता, करुणा और वैश्विक एकता को जोड़ने का एक सशक्त साधन भी है। दाजी ने सभी से ध्यान को नियमित रूप से अपने जीवन में अपनाने का आग्रह किया। पुलिसकर्मियों ने किया सामूहिक मेडिटेशन दाजी के मार्गदर्शन में हार्टफुलनेस पद्धति से सामूहिक मेडिटेशन कराया गया। इसमें आगर मालवा जिले के सभी थानों-सोयत, सुसनेर, बड़ौद, कानड़ और नलखेड़ा के पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों ने भाग लिया। ध्यान सत्र के दौरान उपस्थित लोगों ने मानसिक शांति, सकारात्मक ऊर्जा और संतुलन का अनुभव किया। कार्यक्रम के समापन पर पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार सिंह ने अपने विचार व्यक्त किए। उन्होंने कहा कि पुलिस सेवा अत्यंत जिम्मेदारीपूर्ण और तनावपूर्ण होती है। ऐसे में ध्यान और मेडिटेशन पुलिसकर्मियों की मानसिक दृढ़ता, आत्मसंयम और निर्णय क्षमता को मजबूत बनाता है। उन्होंने यह भी कहा कि ऐसे आयोजन सकारात्मक, संवेदनशील और जनहितैषी पुलिस व्यवस्था के निर्माण में सहायक सिद्ध होते हैं। इस कार्यक्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक रविंद्र कुमार बोयत, शहर के समस्त थाना प्रभारी, सूबेदार जगदीश यादव और जितेंद्र शुक्ला सहित 100 से अधिक पुलिस अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *