रामगढ़ और हजारीबाग के सीमावर्ती क्षेत्र उरीमारी के बरका सयाल स्थित सीसीएल बरका सयाल क्षेत्र की उरीमारी कोलियरी में देर रात बड़ा हादसा हो गया। आउटसोर्सिंग कंपनी आशीर्वाद में रात्रि पाली के दौरान काम कर रहे दो मजदूरों की ओवरबर्डन (ओबी) गिरने से दबकर मौत हो गई। मृतकों की पहचान सुनील यादव (पिता जितेंद्र यादव) और राजू पासवान (पिता हीरालाल राम) के रूप में की गई है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, दोनों मजदूर कोलियरी में अपने निर्धारित कार्य में लगे थे, तभी अचानक ऊपर से भारी मात्रा में ओबी उनके ऊपर आ गिरा। हादसा इतना अचानक हुआ कि मजदूरों को संभलने का मौका तक नहीं मिला। आसपास मौजूद अन्य मजदूरों ने शोर सुनकर मदद की कोशिश की और कड़ी मशक्कत के बाद दोनों को बाहर निकाला, लेकिन तब तक उनकी मौके पर ही मौत हो चुकी थी। घटना से आक्रोश, यूनियन ने बंद कराया काम हादसे की सूचना मिलते ही कोलियरी क्षेत्र में अफरातफरी मच गई। घटना की खबर फैलते ही यूनियन नेता राजू यादव समेत बड़ी संख्या में मजदूर और स्थानीय लोग मौके पर जुट गए। हादसे से नाराज यूनियन और मजदूरों ने मुआवजे और आश्रितों को नौकरी देने की मांग को लेकर विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया। आक्रोशित लोगों ने रात से ही पूरी आउटसोर्सिंग कंपनी का काम बंद करा दिया। प्रदर्शनकारियों का कहना है कि सुरक्षा मानकों की अनदेखी के कारण यह हादसा हुआ है। इसकी जिम्मेदारी प्रबंधन की बनती है। यूनियन नेताओं ने प्रत्येक मृतक मजदूर के लिए 25-25 लाख रुपए मुआवजा और एक-एक परिजन को स्थायी नौकरी देने की मांग रखी है। मांगें पूरी होने तक आंदोलन जारी रखने की चेतावनी दी गई है। पुलिस मौके पर, प्रबंधन से नहीं बनी सहमति घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस भी मौके पर पहुंच गई और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर आगे की कानूनी प्रक्रिया शुरू की। वहीं, कोलियरी प्रबंधन और यूनियन के बीच देर रात से बातचीत का दौर चल रहा है, लेकिन समाचार लिखे जाने तक मुआवजे और अन्य मांगों को लेकर कोई ठोस सहमति नहीं बन सकी है। प्रबंधन की ओर से फिलहाल आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है। इस हादसे के बाद उरीमारी कोलियरी क्षेत्र में शोक और आक्रोश का माहौल है। मजदूरों का कहना है कि जब तक उनकी मांगें नहीं मानी जातीं, तब तक काम शुरू नहीं होने दिया जाएगा।


