मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव 23 दिसंबर को धार जिले के दौरे पर रहेंगे। वे पीजी कॉलेज परिसर में आयोजित कार्यक्रम में शामिल होंगे। इस दौरान जिले में कुल 346 करोड़ रुपये के विकास कार्यों का भूमि पूजन और लोकार्पण किया जाएगा। मुख्यमंत्री के आगमन को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। मेडिकल कॉलेज का होगा भूमि पूजन मुख्यमंत्री द्वारा 260 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले मेडिकल कॉलेज का भूमि पूजन किया जाएगा। इसके अलावा शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क और अन्य बुनियादी सुविधाओं से जुड़े कई विकास कार्यों की शुरुआत और लोकार्पण भी किया जाएगा। इन विकास कार्यों का करेंगे शुभारंभ मुख्यमंत्री जिन प्रमुख कार्यों का भूमि पूजन और लोकार्पण करेंगे, उनमें मेडिकल कॉलेज (260 करोड़), धरनाथ लोक (3 करोड़), गीता भवन (15 करोड़), माफीपुरा से आमल्या भैरू रोड (10 करोड़) और सीएम राइज स्कूल तिरला (40 करोड़) शामिल हैं। वहीं विधि महाविद्यालय, धार तरणताल, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र आहू और मोहनपुरा भवन का लोकार्पण भी किया जाएगा। कार्यक्रम में जिलेभर से बड़ी संख्या में लोगों के पहुंचने की संभावना है। इसे देखते हुए पंडाल, मंच, बैठक व्यवस्था और सुरक्षा के विशेष इंतजाम किए जा रहे हैं। बैरिकेडिंग और पुलिस बल की तैनाती की गई है और प्रशासन लगातार तैयारियों की निगरानी कर रहा है। मुख्यमंत्री के इस दौरे से धार जिले में शिक्षा, स्वास्थ्य और आधारभूत सुविधाओं के क्षेत्र में विकास को नई दिशा मिलने की उम्मीद है।


