पुलिसकर्मियों के लिए अब हर रविवार होगा ध्यान शिविर:SP बोले-ध्यान से बढ़ेगी कार्यक्षमता; थानों-चौकियों में कराएगी आयोजन

मंडला पुलिस अब प्रत्येक रविवार को जिले के सभी थाना और चौकियों में पुलिसकर्मियों के लिए नियमित ध्यान शिविर आयोजित करेगी। यह निर्णय विश्व ध्यान दिवस के अवसर पर हार्टफुलनेस संस्था की ओर से तीन दिवसीय ध्यान शिविर के समापन के बाद लिया गया है। जो विभाग के संयुक्त देखरेख में पुलिस लाइन ग्राउंड में संपन्न हुआ। इन शिविरों का उद्देश्य पुलिसकर्मियों के मानसिक स्वास्थ्य, तनाव प्रबंधन और सकारात्मक जीवनशैली को सशक्त बनाना है। एसपी बोले- हर रविवार थानों में होगा ध्यान शिविर समापन कार्यक्रम को संबोधित करते हुए पुलिस अधीक्षक रजत सकलेचा ने बताया कि मध्य प्रदेश पुलिस के लगभग 50 हजार पुलिसकर्मियों ने एक साथ ध्यान अभ्यास किया है। उन्होंने कहा कि पुलिस सेवा एक चुनौतीपूर्ण और तनावपूर्ण कार्य है, जिसके लिए मानसिक संतुलन बनाए रखना अत्यंत आवश्यक है। इसी आवश्यकता को देखते हुए अब हर रविवार को हार्टफुलनेस संस्था के प्रशिक्षित प्रशिक्षकों की ओर से जिले की प्रत्येक थाना और चौकी में ध्यान शिविर आयोजित किए जाएंगे। एसपी सकलेचा ने आगे बताया कि ध्यान अभ्यास से मानसिक शांति, कार्य के प्रति एकाग्रता और तनावमुक्त जीवनशैली विकसित होती है। यह पुलिसकर्मियों को अपने कर्तव्यों का बेहतर ढंग से निर्वहन करने में सहायता प्रदान करेगा। वरिष्ठ अधिकारी और कर्मचारी ध्यान शिविर में हुए शामिल इस अवसर पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शिवकुमार वर्मा, डीएसपी (महिला सुरक्षा) सतीश चतुर्वेदी, रक्षित निरीक्षक सुनील नागवंशी सहित कई वरिष्ठ अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे। ध्यान शिविर के दौरान प्रशिक्षक देवेंद्र राजपूत और अनिल धुर्वे ने प्रतिभागियों को ध्यान, आत्मचिंतन और मानसिक संतुलन से जुड़े अभ्यास कराए। हार्टफुलनेस संस्था की ओर से केंद्र प्रभारी पूर्वा धर्माधिकारी, दिनेश कुमार ओझा, उमा ओझा और रोहित पांडे सक्रिय रूप से मौजूद रहे। कार्यक्रम का समापन सामूहिक ध्यान और सकारात्मक संकल्प के साथ किया गया।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *