शहडोल के नगर परिषद बकहो स्थित ओरिएंट पेपर मिल (OPM) कॉलोनी में रविवार सुबह आग लगने से एक क्वार्टर में रखा लाखों का घरेलू सामान जलकर खाक हो गया। यह घटना वार्ड क्रमांक 10 के क्वार्टर नंबर A-267 में हुई, हालांकि राहत की बात यह रही कि इसमें कोई जनहानि नहीं हुई। यह घटना रविवार सुबह करीब 9 बजे हुई, जब क्वार्टर में अचानक आग भड़क उठी। क्वार्टर में जयप्रकाश यादव निवासरत हैं। घर से धुआं उठता देख आसपास के लोगों में अफरा-तफरी मच गई और कुछ ही देर में आग ने पूरे मकान को अपनी चपेट में ले लिया। यह सामान हुआ खाक आग की चपेट में आने से घर में रखा लगभग 3 से 4 लाख रुपए मूल्य का घरेलू सामान, जिसमें फर्नीचर, कपड़े, इलेक्ट्रॉनिक उपकरण और अन्य आवश्यक वस्तुएं शामिल थीं, पूरी तरह नष्ट हो गया। घटना के समय घर में मौजूद दो सदस्य सुरक्षित बाहर निकलने में सफल रहे। सूचना मिलते ही थाना अमलाई पुलिस और दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस और दमकल कर्मियों ने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। यदि समय रहते आग पर नियंत्रण नहीं पाया जाता तो आसपास के अन्य क्वार्टरों में भी आग फैलने का खतरा था। प्रारंभिक जांच में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट बताया जा रहा है। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया है और आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है। आग लगने के बाद कॉलोनी में कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बना रहा। शॉर्ट सर्किट की आशंका वार्ड क्रमांक 10 की पार्षद पिंकी सोनी ने बताया कि कॉलोनी के कई क्वार्टर पुराने हैं और वहां बिजली के तार जर्जर स्थिति में हैं, जिससे ऐसी घटनाओं की आशंका बनी रहती है। पुलिस ने पुष्टि की है कि आगजनी की घटना में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई है और मामले की जांच जारी है।


