खानपुर में राष्ट्र सेविका समिति का पथ संचलन:नारी शक्ति और राष्ट्र चेतना का किया प्रदर्शन, वंदे मातरम गीत के साथ हुआ समापन

झालावाड़ जिले के खानपुर में राष्ट्र सेविका समिति का पथ संचलन सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। यह आयोजन उपखंड क्षेत्र में पहली बार हुआ, जिसमें सैकड़ों राष्ट्र सेविकाओं ने भाग लिया।
पथ संचलन से पहले कृषि उपज मंडी प्रांगण में दीप प्रज्ज्वलन के साथ कार्यक्रम का शुभारंभ हुआ। इस दौरान अतिथियों का स्वागत किया गया और बाहर से आईं महिला अतिथियों ने सेविकाओं को मार्गदर्शन दिया। मंच पर मुख्य वक्ता डॉ. अचला नागर, बारां विभाग महिला समन्वय विभाग संयोजिका मिथलेश तानीवाल, मुख्य अतिथि कीर्तिबाला सोनी और खानपुर खंड कार्यवाहिका मोनिका त्रिगुणायत मौजूद थीं। बौद्धिक सत्र के बाद पथ संचलन शुरू हुआ।
घोष वाद्य यंत्रों की ध्वनि के साथ निकले इस पथ संचलन में सेविकाएं समान वेशभूषा में अनुशासित पंक्तियों में चल रही थीं। खड़गधारी सेविकाओं की ध्वज वाहिनी और कदमों की एकरूपता ने नगरवासियों को प्रभावित किया। सेविकाओं के चेहरों पर आत्मविश्वास दिखाई दे रहा था। पथ संचलन कृषि उपज मंडी परिसर से शुरू होकर अटरु रोड, गुदरी चौराहा, पुराना बैंक तिराहा, झालावाड़ रोड, फव्वारा चौराहा से होते हुए श्री मत्स्य भगवान मंदिर (मीणा समाज) पहुंचा। यहां वंदे मातरम गीत के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ।
पूरे मार्ग में नगरवासियों ने जयघोष और नारों के साथ पथ संचलन का स्वागत किया। अनेक स्थानों पर पुष्पवर्षा भी की गई। विश्व हिंदू परिषद, बजरंग दल, भारत विकास परिषद, एबीवीपी, सेवा भारती, विद्या भारती, शिक्षक संघ, किसान संघ सहित विभिन्न सामाजिक संगठनों, व्यापारिक संस्थाओं और नागरिकों ने भी पुष्पवर्षा कर स्वागत किया। उपस्थित नागरिकों ने इसे अनुशासित और शांतिपूर्ण बताते हुए नारी सशक्तिकरण, संस्कार और राष्ट्र निर्माण का संदेश बताया।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *