मोरहाबादी स्थित भगवान बिरसा मुंडा फुटबॉल स्टेडियम में 68वीं राष्ट्रीय स्कूली खेल प्रतियोगिता अंडर-14 एथलेटिक्स प्रतियोगिता की शुरुआत हुइ। इसके पहले दिन विभिन्न स्पर्धा के प्रारंभिक मुकाबले हुए। इसमें मुख्य अतिथि के रूप में रांची के उपायुक्त मंजूनाथ भजंत्री, विशिष्ट अतिथि रांची के सदर अनुमंडल पदाधिकारी उत्कर्ष कुमार शामिल रहे। मुख्य अतिथि ने कहा कि खेलकूद एवं कला को यहां बेहतरीन मंच देने का काम किया गया है। ऐसे राष्ट्रीय आयोजनों से खेल के साथ साथ एकता और विविधता भी देखने को मिलती है। मौके पर झारखंड शिक्षा परियोजना परिषद के प्रशासी पदाधिकारी सच्चिदानंद तिग्गा, झारखंड ओलिंपिक एसोसिएशन के महासचिव मधुकांत पाठक, राज्य कार्यक्रम पदाधिकारी धीरसेन सोरेंग, झारखंड एथलेटिक्स संघ के अध्यक्ष चंद्रदेव सिंह, झारखंड एथलेटिक्स संघ के महासचिव शिव कुमार पांडेय आदि शामिल हुए। 900 प्रतिभागी प्रतियोगिता में शामिल होंगे अंडर-14 बालक-बालिका वर्ग एथलेटिक्स प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए देशभर से 35 टीमें रांची आई हैं। इनमें 900 से अधिक प्रतिभागी प्रतियोगिता में शामिल होंगे। इसमें सबसे अधिक एथलीट केरल राज्य से है। केरल से कुल 38 खिलाड़ी शामिल हुए हैं। मेजबान झारखंड से इस प्रतियोगिता में 30 एथलीट शामिल हो रहे हैं।