कृषि मंत्री शिल्पी नेहा तिर्की ने अधिकारियों से कहा है कि वे सफल योजनाओं का बजट बढ़ाएं, जबकि विफल योजनाएं ड्रॉप करें। वित्तीय वर्ष 2025-26 के बजट पर कृषि मंत्री ने शनिवार को अधिकारियों के साथ चर्चा की। लापुंग में बीज वितरण में गड़बड़ी की जांच का निर्देश दिया। मंत्री ने किसानों के लिए लाभकारी साबित हो रही योजनाओं पर विशेष फोकस करने को कहा। उन्होंने वैसी योजनाएं, जिसका बहुत कम लाभ किसानों को मिला पाया है या जो योजना किसानों के लिए हितकारी साबित नहीं हुईं, वैसी सभी योजनाओं का बजट कम करने या उसे ड्रॉप करने का निर्देश दिया। मंत्री ने साफ शब्दों में कहा है कि योजना के लिए आवंटित बजट राशि का शत-प्रतिशत सदुपयोग करना है। लाभुकों को ज्यादा से ज्यादा योजनाओं का लाभ कैसे मिले, ये हर हाल में सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि वित्तीय वर्ष 2025-26 में बीज की उपलब्धता से लेकर बीज वितरण पर विभाग का सबसे ज्यादा जोर रहेगा।


